अब साढ़े 10 करोड़ से चमकेंगी शहर की सड़कें

नगर परिषद की ओर से तीन दिन पहले साढ़े छह करोड़ रुपये के विकास कार्यो के टेंडर रिकॉल किए गए थे। शनिवार को नप ने चार करोड़ रुपये के नए विकास कार्यो के टेंडर लगा दिए हैं। अब कुल मिलाकर साढ़े 10 करोड़ रुपये से शहर में विकास कार्य होंगे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Feb 2019 07:02 AM (IST) Updated:Sun, 24 Feb 2019 07:03 AM (IST)
अब साढ़े 10 करोड़ से चमकेंगी शहर की सड़कें
अब साढ़े 10 करोड़ से चमकेंगी शहर की सड़कें

जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद की ओर से तीन दिन पहले साढ़े छह करोड़ रुपये के विकास कार्यो के टेंडर रिकॉल किए गए थे। शनिवार को नप ने चार करोड़ रुपये के नए विकास कार्यो के टेंडर लगा दिए हैं। अब कुल मिलाकर साढ़े 10 करोड़ रुपये से शहर में विकास कार्य होंगे। 31 वार्डो में से कुल 24 वार्डो के टेंडर ही लगाए गए हैं, जबकि बाकी सात वार्डो के टेंडर नहीं लगाए गए हैं। इसका कारण यह भी हो सकता है कि चेयरमैन कांग्रेस समर्थित है और सात में से चार पार्षद भाजपा समर्थित हैं। नए टेंडर भाजपा समर्थित पूर्व नगर परिषद चेयरमैन यशपाल प्रजापति के वार्ड में भी लगाए गए हैं। वहीं नप चेयरपर्सन और अधिकारियों का कहना है कि सभी पार्षदों से टेंडर लगाने के लिए कामों की सूची मांगी गई थी, जिसने सूची दी है, उनके टेंडर लगा दिए हैं। जो वार्ड बाकी हैं, वे आगे भी कामों की सूची दे देंगे तो भी उनके टेंडर लगा दिए जाएंगे। जो टेंडर रिकॉल किए गए हैं, वे 26 फरवरी को खोले जाएंगे। जो नए टेंडर लगाए गए हैं, वे 5 मार्च को खोल दिए जाएंगे।

इन 24 वार्डो में लगाए गए हैं टेंडर

जो टेंडर रिकॉल किए गए थे, उनमें वार्ड नंबर एक, तीन, पांच, नौ, 10, 11, 12, 14, 15, 17, 19, 20, 21, 27, 28, 29 को शामिल किया गया है। जो टेंडर नए लगाए गए हैं, उनमें वार्ड नंबर नौ, 11 12, 13, 16, 18, 23, 24, 25, 27, 30, 31 को शामिल किया गया है। जिन सात वार्डो में टेंडर नहीं लगाए गए हैं उनमें वार्ड नंबर दो, चार, छह, सात, आठ, 22, 26 को शामिल किया गया है।

रिकॉल किए गए और नए लगाए टेंडर में ये होंगे मुख्य काम

शहर में कुल साढ़े 10 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे। इनमें मुख्य काम सभी वार्डो में स्टील के साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। इसमें वार्ड की संख्या, कॉलोनी का नाम, पार्षद का नाम व उसका नंबर लिखा हुआ होगा। कुछ वार्डो में मुख्य गलियों में लोहे के गेट और आरसीसी बेंच रखे जाएंगे। करनाल रोड जिला सचिवालय के पास वाली सड़क व चरण दास मार्ग से अंबाला रोड व ढांड रोड तक सड़क बनाई जाएगी। हुडा सेक्टर 19 के पार्को की रिपेयर होगी। वार्डो में गलियों, नालियों, लाइटों का काम किया जाएगा।

पार्षदों ने दिया था धरना

वार्डो में विकास कार्य कराने के लिए पार्षदों को धरना देना पड़ा था। धरने पर बैठे पार्षदों ने कहा था कि आगे लोकसभा के चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में जल्द ही आचार संहिता भी लग सकती है। अगर यह लग गई तो नए टेंडर लगाना मुश्किल होगा, जिससे शहर का विकास रूक जाएगा। धरने के बाद साढ़े छह करोड़ के टेंडर रिकॉल कर दिए गए थे और अब चार करोड़ के टेंडर नए लगा दिए गए हैं। वार्ड 22 की पार्षद एवं भाजपा की महिला जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने बताया कि उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को कामों की सूची दी थी। उसके बाद भी टेंडर क्यों नहीं लग पाए, इसकी जानकारी अधिकारियों से हासिल की जाएगी। नगर परिषद चेयरपर्सन सीमा कश्यप ने बताया कि सभी 31 पार्षदों से कामों की सूची मांगी गई थी, ताकि सभी के टेंडर लगाए जा सके। जिन वार्डो की सूची नहीं मिली उनके टेंडर नहीं लग पाए हैं। बचे हुए वार्डो के पार्षद जल्द ही सूची उपलब्ध करा दें, तो उनके वार्ड में भी टेंडर लग जाएंगे। किसी भी पार्षद से भेदभाव नहीं किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी