अफीम सप्लाई करने के मुख्य आरोपित को झारखंड से किया गिरफ्तार

21 किलोग्राम अफीम सप्लाई करने के मामले में फरार आरोपित को सीआइए ने काबू कर लिया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 29 Jun 2021 06:40 AM (IST) Updated:Tue, 29 Jun 2021 06:40 AM (IST)
अफीम सप्लाई करने के मुख्य आरोपित को झारखंड से किया गिरफ्तार
अफीम सप्लाई करने के मुख्य आरोपित को झारखंड से किया गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, कैथल : 21 किलोग्राम अफीम सप्लाई करने के मामले में फरार आरोपित को सीआइए पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपित से 22 हजार की नकदी बरामद की है। आरोपित ने इससे पूर्व एक अन्य मामले में वर्ष 2020 के दौरान चीका में 31 किलो अफीम सप्लाई करने की बात भी स्वीकार की है। बता दें कि उक्त 31 किलो अफीम पुलिस द्वारा पहले ही चीका निवासी एक तस्कर के कब्जे से बरामद की थी। आरोपित को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि सीआइए टू पुलिस के सहायक उप निरीक्षक प्रदीप कुमार की टीम ने 21 किलो अफीम बरामदगी मामले में झारखंड के जिला छतरा गांव लोहगढ़ निवासी मुख्य नशा तस्कर संदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपित को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया था। पुलिस ने 14 जून को महमूदपुर निवासी आरोपित गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर 30 लाख रुपये की 21 किलोग्राम अफीम बरामद की थी। थाना गुहला में आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

एसपी ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपित संदीप ने बताया कि पंजाब के अकालगढ़ निवासी बलतेज सिंह को गुरप्रीत सिंह ने अफीम खरीदने के लिए एडवांस में नकदी दी थी। एसपी ने बताया कि 12 जुलाई 2020 को सीआइए टू पुलिस ने चीका की संजय बस्ती निवासी रमेश कुमार के मकान पर रेड कर आरोपित को काबू किया था। आरोपित से 62 लाख रुपये कीमत की करीब 31 किलोग्राम अफीम बरामद की थी, जो इस गिरोह से जुड़ा हुआ था। पुलिस पकड़ गए आरोपित से पूछताछ करेगी। ताकि और मामलों का पता चल सके।

chat bot
आपका साथी