करनाल में लघु सचिवालय का घेराव करने के लिए जींद से जाएंगे किसान : बरसोला

खटकड़ टोल पर किसानों का धरना लगातार 255वें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता रामनिवास छातर टेकराम छापड़ा ने की।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Sep 2021 10:45 PM (IST) Updated:Mon, 06 Sep 2021 10:45 PM (IST)
करनाल में लघु सचिवालय का घेराव करने के लिए जींद से जाएंगे किसान : बरसोला
करनाल में लघु सचिवालय का घेराव करने के लिए जींद से जाएंगे किसान : बरसोला

संवाद सूत्र, उचाना : खटकड़ टोल पर किसानों का धरना लगातार 255वें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता रामनिवास छातर, टेकराम छापड़ा ने की। खेड़ा खाप के प्रधान सतबीर पहलवान ने कहा कि मुजफ्फरनगर में जो किसान महापंचायत हुई उसमें हरियाणा प्रदेश से सबसे अधिक भागीदारी जींद जिले की थी। सात सितंबर को सीएम सिटी करनाल में होने वाले लघु सचिवालय के घेराव में जींद जिले से ज्यादा से ज्यादा किसान, युवा, महिलाएं हिस्सा लेंगी। करनाल जिले में जो किसानों पर लाठीचार्ज हुआ, एक किसान की मौत हुई उस को लेकर जो मांग की गई थी उनको पूरा करने का समय 6 सितंबर था। बरसोला ने कहा कि मुजफ्फरनगर में हुई किसान महापंचायत में 36 बिरदारी के लोग पहुंचे। यहां पर जगह-जगह पर मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा भंडारे लगाए हुए थे तो पुष्प वर्षा यहां आने वाले किसानों पर कर रहे थे। हिदू, मुस्लिम, सिख, इसाई के भाइचारे की यह महापंचायत गवाह बनी। देश के इतिहास की सबसे बड़ी महापंचायत हुई जिसमें लाखों लोग पहुंचे। लोगों का आना-जाना पूरी पंचायत चलने तक लगा रहा तो हर जगह रोड जाम नजर आए। ये केंद्र सरकार को किसान, मजदूर का संदेश है कि जो आंखे बंद किए केंद्र सरकार सोए है वो अपनी नींद खोल कर तीनों कानूनों को रद करें, एमएसपी पर कानून बनाने का काम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा-जजपा के जो भी विधायक, मंत्री एवं नेता लोगों के बीच आपस में भाईचारा खराब करने के लिए आते है उनका जोरदार विरोध किया जाएगा। जब तक किसान आंदोलन चलेगा तब तक दोनों पार्टियों के नेताओं, विधायकों, मंत्रियों का विरोध जारी रहेगा।

इस मौके पर सूबेदार बलबीर सिंह, कैप्टन रणधीर चहल, बिजेंद्र सिधु, कैप्टन भूपेंद्र जागलान, कुलबीर मलिक, कोषाध्यक्ष जयप्रकाश, संदीप चहल, अनीस खटकड़, सुशील नरवाल मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी