91 हजार लोगों ने नहीं लगवाई दूसरी डोज, 70 स्वास्थ्य कर्मी ने पहले दिन 7566 लोगों के पास किए फोन

कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने के साथ ही लोग लापरवाह हो गए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 06:35 AM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 06:35 AM (IST)
91 हजार लोगों ने नहीं लगवाई दूसरी डोज, 70 स्वास्थ्य कर्मी ने पहले दिन 7566 लोगों के पास किए फोन
91 हजार लोगों ने नहीं लगवाई दूसरी डोज, 70 स्वास्थ्य कर्मी ने पहले दिन 7566 लोगों के पास किए फोन

जागरण संवाददाता, जींद : कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने के साथ ही लोग लापरवाह हो गए हैं। दूसरी लहर में जब लोगों की जान जा रही थी तो उस समय वैक्सीन के लिए मारामारी हो रही थी, वहीं अब स्थिति पूरी तरह से उलट हो गई है। स्वास्थ्य विभाग वैक्सीन के लिए लोगों का इंतजार कर रहा है और लोग केंद्रों पर वैक्सीन लगवाने ही नहीं पहुंच रहे। 91 हजार लोग ऐसे हैं जिन्होंने पहली डोज तो लगवा ली, लेकिन समय पूरा होने के बावजूद दूसरी डोज लगवाने नहीं पहुंच रहे हैं। इसमें से 24 हजार लोग जींद शहर व 67 हजार लोग ग्रामीण क्षेत्र के हैं। इन लोगों को दूसरी डोज लगाना विभाग के लिए भी चुनौती बन गया है। विभाग ने दूसरी डोज नहीं लगवाने वाले लोगों की पहचान करके उनकी लिस्ट तैयार की है और स्वास्थ्य विभाग में स्कूल हेल्थ कार्यक्रम में लगे कर्मचारियों की इन लोगों के पास फोन करने की ड्यूटी लगाई है। वीरवार को सिविल सर्जन डा. जेएस पूनिया ने स्कूल हेल्थ के 70 कर्मचारियों को ट्रेनिग सेंटर में बुलाया और प्रत्येक कर्मचारी को लगभग 280 लोगों की लिस्ट दी। सीनियर अधिकारियों की उपस्थिति में स्वास्थ्य कर्मियों ने पूरे दिन लिस्ट में दिए गए फोन नंबरों को काल करके उनको दूसरी डोज लगवाने के लिए प्रेरित किया। पहले दिन स्वास्थ्य कर्मियों ने 7566 लोगों के पास फोन किया। इसमें से करीब 20 फीसदी लोग ऐसे मिले हैं, जिन्होंने दूसरी डोज तो लगवाई हुई हैं, लेकिन उनका आनलाइन डाटा दर्ज नहीं हुआ है। फोन करने के कर्मचारियों ने यह भी जाना कि वह दूसरी डोज लगवाने के लिए आगे क्यों नहीं आ रहे हैं। इसमें अधिकतर लोगों का कहना था कि जब कोराना नहीं रहा तो अब वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने की क्या जरूरत हैं। ऐसे लोगों को कर्मचारियों ने बताया कि जब तक वह दूसरी डोज नहीं लगवाएंगे तब तक एंटीबाडी नहीं बनेगी। ------- डोर-टू-डोर वैक्सीन लगाने के लिए 13 टीम गठित सिविल सर्जन डा. जेएस पूनिया ने बताया कि शहर के 31 वार्डों में बुजुर्ग व दिव्यांगों को उनके घर पर वैक्सीन लगाने के लिए 13 टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में चार एएनएम को शामिल किया गया है। दूसरी डोज नहीं लगवाने वाले लोगों के पास 70 कर्मचारियों की फोन करने के लिए ड्यूटी लगाई है। दूसरी डोज लगवाने के लिए स्पेशल बूथ नागरिक अस्पताल के पीपी सेंटर में बनाया गया है। वहीं आशा वर्कर की ड्यूटी लगाई है कि वह उन्हें घर से टीकाकरण केंद्र तक लेकर आएंगी। अब तक 68 प्रतिशत हुआ वैक्सीनेशन स्वास्थ्य विभाग ने नौ लाख 95 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का टारगेट बनाया हुआ है, लेकिन अब तक यह टारगेट लगभग 68 फीसदी ही पूरा हो पाया हैं। जिले में अब तक कुल नौ लाख 13 हजार 858 लोगों को वैक्सीन लगी हैं। इसमें से छह लाख 87 हजार 58 लोगों ने पहली डोज व दो लाख छह हजार 800 लोगों को दूसरी डोज लगाई है। तीन लाख सात हजार 942 लोगों ने अब तक कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाई है।

वैक्सीन का आंकड़ा कुल वैक्सीन : 913858 पहली डोज : 687058 दूसरी डोज : 226800 वीरवार को लगी वैक्सीन : 8709

आयु वर्ग के हिसाब से लगी वैक्सीन 18 से 44 वर्ष : 507879 45 से 60 वर्ष : 225532 60 वर्ष से ऊपर : 171064

पुरुष : 456400 महिला : 447898 कोविशिल्ड वैक्सीन : 800685 कोवैक्सीन : 103782

शहरी एरिया की वैक्सीन की स्थिति कुल टारगेट : 148940 पहली डोज : 113854 दूसरी डोज : 53841

ग्रामीण क्षेत्र में वैक्सीन का टारगेट कुल टारगेट : 846060 पहली डोज : 573204 दूसरी डोज : 172959

chat bot
आपका साथी