केएमपी पर जोश के साथ पहुंचीं महिलाएं, किया जाम

-बादली टोल प्लाजा पर दिया धरना

By JagranEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 07:30 AM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 07:30 AM (IST)
केएमपी पर जोश के साथ पहुंचीं महिलाएं, किया जाम
केएमपी पर जोश के साथ पहुंचीं महिलाएं, किया जाम

-बादली टोल प्लाजा पर दिया धरना फोटो : 10 जेएचआर 24 से 27 जागरण संवाददाता,झज्जर :

किसान संगठनों के आह्वान पर शनिवार को केएमपी (कुंडली-मानेसर-पलवल) एक्सप्रेस-वे जाम किया। इस दौरान न केवल पुरुष बल्कि महिलाएं भी जोश के साथ पहुंचीं। महिलाओं ने भजन गाए और सरकार से कृषि कानून वापस लेने की बात कही। वहीं धरने पर पहुंचे लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि यह आंदोलन तीनों कृषि कानून वापस नहीं होने तक जारी रहेगा। सरकार हठधर्मिता अपना रही है। सरकार को चाहिए कि वह किसानों से बातचीत करके मांगों को पूरा करे। किसान अपनी जायज मांगों को लेकर पिछले चार महीने से दिल्ली बॉर्डर पर धरना दिए हुए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर ही केएमपी जाम करने का निर्णय लिया गया। बादली स्थित केएमपी व टोल प्लाजा पर जाम लगाया। हालांकि केएमपी पर एंट्री बंद होने के कारण बादली स्थित केएमपी पर काफी कम वाहन ही पहुंचे। किसान संगठनों ने पहले ही आपात वाहनों को गुजरने की अनुमति देने की बात कही हुई थी। ताकि एंबुलेंस, स्कूल बस आदि आपातकालीन वाहनों के आवागमन में कोई भी परेशानी ना हो।

बादली टोल प्लाजा पर धरने के दौरान गुलिया खाप तीसा के प्रधान विनोद गुलिया ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर केएमपी जाम किया गया था। वहीं गुलिया खाप तीसा द्वारा किसान आंदोलन में ढांसा बॉर्डर पर भी धरना चल रहा है। केएमपी जाम को लेकर पहले ही पूरी तैयारी कर ली गई थी। काफी संख्या में किसान बादली टोल प्लाजा पर पहुंचे। इस दौरान पहुंचने वाले लोगों के जोश को देखकर साफ लग रहा था कि सरकार को किसानों की मांग माननी पड़ेगी। अब किसान किसी भी हालत में पीछे हटने वाले नहीं हैं। भारतीय किसान सभा के नेता रामचंद्र यादव ने कहा केएमपी जाम के लिए अनेक लोग जोश के साथ पहुंचे। लोगों ने तीनों कृषि कानून रद करने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

chat bot
आपका साथी