दो घंटे में दो लूट : 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली

बदमाशों ने पहले बाइक छीनी थी फिर दो घंटे बाद गोली मारकर बलेनो कार भी छीन ले गए।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 Aug 2020 08:10 AM (IST) Updated:Thu, 13 Aug 2020 08:10 AM (IST)
दो घंटे में दो लूट : 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली
दो घंटे में दो लूट : 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली

बदमाशों ने पहले बाइक छीनी थी, फिर दो घंटे बाद गोली मारकर बलेनो गाड़ी छीनी जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ :

क्षेत्र में दो घंटे के अंदर लूट की दो वारदातों को अंजाम देने वाले अभियुक्त पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस की कई टीमें छानबीन में जुटी हैं, मगर अभी बदमाशों का सुराग नहीं है। इन वारदातों के बाद पुलिस ने गश्त और निगरानी भी बढ़ा दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अभियुक्त सलाखों के पीछे होंगे। मंगलवार को बदमाशों ने पहले तो चार बजे नया गांव के पास से पिस्तौल के बल पर दिल्ली के एक युवक से बाइक छीन ली थी। इसके दो घंटे बाद ही इन बदमाशों ने कसार के पास औद्योगिक सेक्टर-4बी में एचएसआइआइडीसी (हरियाणा राज्य औद्योगिक संरचना विकास निगम) के ड्राफ्टमैन संजय को टांग में गोली मारकर उसकी बलेनो गाड़ी छीन ली थी। इसके बाद फरार हो गए थे। यहां पर बदमाश नया गांव से छीनी गई बाइक पर आए थे और बाइक को यहीं पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक कब्जे में ले ली है। दो घंटे लूटपाट के लिए घूमते रहे थे बदमाश :

बदमाशों में कानून का खौफ कम होने का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नया गांव के पास से बदमाश बाइक छीनने के बाद इसी एरिया में घूमते रहे। औद्योगिक सेक्टर में पहुंच गए और गाड़ी छीन ली। पुलिस को शक है कि बदमाश छीनी गई गाड़ी के जरिये किसी और वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं थे। वर्जन..

पुलिस को इस मामले में कुछ सुराग मिले हैं। इनके आधार पर जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।

--पवन कुमार, डीएसपी, बहादुरगढ़

chat bot
आपका साथी