राजस्थान से करनाल लौट रहे पिकअप सवारों को कंटेनर ने मारी टक्कर, पलटने से छह घायल

- गांव दादनपुर के समीप हुआ हादसा एक ही परिवार के घायलों को अस्पताल में करवाया भर्ती

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 06:22 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 06:22 PM (IST)
राजस्थान से करनाल लौट रहे पिकअप सवारों को कंटेनर ने मारी टक्कर, पलटने से छह घायल
राजस्थान से करनाल लौट रहे पिकअप सवारों को कंटेनर ने मारी टक्कर, पलटने से छह घायल

संवाद सूत्र, माछरोली : राजस्थान में शादी समारोह में शिरकत करने के बाद करनाल वापस लौट रहे परिवार की पिकअप को गांव दादनपुर के नजदीक कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे पिकअप सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के चलते पिकअप में सवार एक ही परिवार की दो महिलाओं सहित छह लोगों को चोटें आई है। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

करनाल निवासी सीताराम ने बताया कि उसका व उसके भाई गोमाराम का परिवार राजस्थान के गांव कुकड़ेला जिला जयपुर में गया था। 21 नवंबर को परिवार में बेटी की शादी थी। समारोह के कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पिकअप में सवार होकर वापस अपने घर करनाल लौट रहे थे। पिकअप में चालक सहित नौ लोग सवार थे। जब वे नेशनल हाईवे पर गांव दादनपुर के नजदीक पहुंचे तो सड़क टूटी हुई थी। जिस कारण उन्होंने पिकअप की गति भी धीमी की। इसी दौरान पीछे से एक तेज रफ्तार कंटेनर आया और पिकअप को टक्कर मार दी। कंटेनर की टक्कर लगने के कारण गाड़ी सड़क पर पलट गई। वहीं कंटेनर चालक घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीर भी एकत्रित हो गए। हादसे में गोमाराम का बेटा 53 वर्षीय रत्नलाल, पुत्रवधू 50 वर्षीय शांति देवी, पोता 26 वर्षीय कृष्ण, पोते की पत्नी 23 वर्षीय ज्योति, कृष्ण के बेटे तीन वर्षीय कवि तथा सीताराम के पोते 17 वर्षीय रवि को चोटें आई है। इस हादसे में घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में लाया गया। पुलिस के स्तर पर नियमानुसार जांच करते हुए कार्रवाई की जा रही है।

chat bot
आपका साथी