ऐतिहासिक होगी झज्जर में होने वाली जन सरोकार दिवस रैली : अजय चौटाला

- रैली की तैयारियों में जुटी जेजेपी डा. अजय सिंह चौटाला सहित अन्य पदाधिकारियों ने रैली स्थल का किया दौरा - बैठक में दिग्विजय चौटाला ने पार्टी कार्यकर्ताओं में भरा जोश

By JagranEdited By: Publish:Mon, 22 Nov 2021 07:10 PM (IST) Updated:Mon, 22 Nov 2021 07:10 PM (IST)
ऐतिहासिक होगी झज्जर में होने वाली जन सरोकार दिवस रैली : अजय चौटाला
ऐतिहासिक होगी झज्जर में होने वाली जन सरोकार दिवस रैली : अजय चौटाला

जागरण संवाददाता, झज्जर :

जननायक जनता पार्टी के तीसरे स्थापना दिवस पर झज्जर में होने वाली 'जन सरोकार दिवस' रैली को लेकर पार्टी तैयारियों में जुट गई है। तैयारियों को लेकर सभी जिलों में नियुक्त प्रभारी हलका अनुसार निरंतर बैठकों का आयोजन कर रहे है। सोमवार को इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला झज्जर पहुंचे और उन्होंने अन्य पदाधिकारियों सहित रैली स्थल का दौरा किया। इसके उपरांत डा. चौटाला ने पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झज्जर जिले को जननायक चौधरी देवीलाल की कर्मभूमि बताया। उन्होंने कहा कि नौ दिसंबर को पार्टी के तीसरे स्थापना दिवस पर आयोजित जन सरोकार दिवस रैली ऐतिहासिक होगी। अजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश स्तरीय इस रैली में बड़ी संख्या में लोग शिरकत करेंगे।

बॉक्स :

डा. चौटाला ने कहा कि जेजेपी पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल के दिखाए राह पर निरंतर आगे बढ़ रही है और प्रदेश के विकास व आमजन के हितों के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला अनेकों जन-कल्याणकारी योजनाओं को अमलीजामा पहना रहे है। जिसमें मुख्य रूप से प्रदेश के युवाओं को प्राइवेट सेक्टर में 75 प्रतिशत रोजगार का हक दिलाने के लिए कानून बनाना, पंचायतीराज संस्थाओं को मजबूत करके ग्रामीण विकास को बढ़ावा देना, अपने वादे अनुसार पंचायतीराज संस्थाओं में महिलाओं की 50 प्रतिशत भागीदारी, राशन डिपो संचालन में 33 प्रतिशत महिलाओं की हिस्सेदारी सुनिश्चित करके महिलाओं का मान-सम्मान बढ़ाना आदि है।

इधर, बैठक में जेजेपी प्रधान महासचिव एवं रैली के लिए बनाए गए झज्जर जिला के प्रभारी दिग्विजय चौटाला ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी दिन-रात एक करते हुए रैली की तैयारियों में जुट जाएं। दिग्विजय ने कहा कि जेजेपी जन सरोकार से जुड़े कार्य कर रही है और इन जनहितैषी कार्यों को रैली के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान ने कहा कि पार्टी की ताकत कार्यकर्ता झज्जर रैली को ऐतिहासिक बनाने में अपना अहम योगदान देंगे। इस दौरान जेजेपी राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, युवा प्रदेशाध्यक्ष रविद्र सांगवान, जिला प्रधान राकेश जाखड़ ने भी बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर पंचायतीराज प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष संजय कबलाना, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिनेश डागर, राष्ट्रीय सचिव सुबे सिंह, पूर्व विधायक रामबीर पटोदी, नरेश सहरावत, ऋषि राज राणा, बादली से हलका प्रधान अजय गुलिया, जिला प्रवक्ता प्रीतम कुकडौला, उपेंद्र कादियान, गंगा राम, सुरेंद्र ठाकरान, कृष्ण गाडोली समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी