चलो गांव की ओर : रग-रग में बसा देश प्रेम, देश सेवा को समर्पित युवा

- दो हजार की आबादी के गांव कोका में 500 से अधिक सैनिक - 650 वर्ष पहले बसाया गया था गांव कोका महिलाएं भी बेहतर ढंग से कर रही सेवा

By JagranEdited By: Publish:Tue, 23 Nov 2021 05:00 PM (IST) Updated:Tue, 23 Nov 2021 05:00 PM (IST)
चलो गांव की ओर : रग-रग में बसा देश प्रेम, देश सेवा को समर्पित युवा
चलो गांव की ओर : रग-रग में बसा देश प्रेम, देश सेवा को समर्पित युवा

गोपाल कृष्ण ,माछरोली : इस गांव की मिट्टी खास है। देखा जाए तो यहां हर घर में कोई ना कोई देश सेवा के कार्य से जुड़ा हुआ है। हर ग्रामीण की रग-रग में देश प्रेम बसा हुआ है। जी हां, हम बात कर रहे हैं करीब दो हजार की आबादी के गांव कोका की। मात्र दो हजार की आबादी वाले इस गांव ने 500 से अधिक सैनिक देश को दिए है। जहां भी देश की रक्षा की बात होती है तो गांव कोका के जवान मिल ही जाते हैं। देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने में भी पीछे नहीं हटते। जिस कारण यहां आज युवाओं में भी सेना के प्रति काफी जोश है। युवा वर्ग पूरे जोश के साथ सेना में जाने के लिए पसीना बहा रहा है, ताकि सेना में शामिल हो सके। दूसरा, प्रशासनिक पदों पर भी अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। बताते हैं कि करीब 650 वर्ष पहले पूर्वजों ने गांव कोका को बसाया था। यहां के पूर्वज राजस्थान के नीमराणा से आकर बसे थे। गांव में करीब 300 घर है और सैनिकों की बात करें तो मौजूदा समय में गांव के करीब 200 जवान सेना में शामिल होकर फिलहाल अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी दे रहे हैं। वहीं करीब 300 जवान सेना से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। जो आज युवा वर्ग का भी हौसला बढ़ा रहे हैं। गांव में पुरुष ही नहीं महिलाएं भी अपनी अलग पहचान बनाने में पीछे नहीं है। गांव की निवर्तमान सरपंच रजनी देवी है। गांव में जन्मी अरुण कुमारी चौहान तहसीलदार के पद पर आसीन होकर अपनी ड्यूटी बखूबी निर्वहन कर रही हैं। गांव की अन्य महिलाओं ने पढ़ाई हो या अन्य कोई क्षेत्र महिलाओं ने भी अपनी अलग ही छाप छोड़ी है। गांव में जन्मे रविद्र पुत्र कबूल सिंह 1979 में श्रीलंका में शहीद हुए थे। वहीं प्रदीप कुमार पुत्र स्व. ठाकुर लक्ष्मण सिंह चौहान कर्नल, अजय चौहान पुत्र ठाकुर किरपाल सिंह चौहान नेवी में कर्नल, अनिल सिंह चौहान पुत्र स्व. प्रह्लाद सिंह चौहान बीएसएफ में कमांडेंट, ओमबीर सिंह पुत्र वीरभान सिंह चौहान मेजर, विनम चौहान पुत्र सत्यव्रत चौहान नेवी में लेफ्टिनेंट, विवेक चौहान पुत्र धर्मेंद्र चौहान लेफ्टिनेंट, आदित्य चौहान पुत्र यशवीर चौहान नेवी में लेफ्टिनेंट है। गांव के प्राय: हर घर में सैनिक है। जनसंख्या के मामले में गांव चाहे छोटा हो, लेकिन देश सेवा में गांव किसी से भी पीछे नहीं हैं। सभी ग्रामीण मिलजुलकर रहते हैं। जिसकी बदौलत गांव लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। हर क्षेत्र में गांव ने अपना नाम कमाया है।

-रजनी देवी, निवर्तमान सरपंच, गांव कोका, झज्जर।

chat bot
आपका साथी