टीकरी बॉर्डर पर महिलाओं ने किया प्रदर्शन, सुरक्षा की दृष्टि से ग्रीन लाइन पर चार मेट्रो स्टेशन रहे बंद

टीकरी बॉर्डर पर महिलाएं प्रदर्शन कर रही हैं। इस कारण डीएमआरसी की ओर से बहादुरगढ़ के सभी मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया। दिल्ली मेट्रो की ओर से ग्रीन लाइन पर टीकरी बॉर्डर से लेकर ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन तक सभी स्टेशन बंद रहे।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Mon, 08 Mar 2021 11:05 AM (IST) Updated:Mon, 08 Mar 2021 11:05 AM (IST)
टीकरी बॉर्डर पर महिलाओं ने किया प्रदर्शन, सुरक्षा की दृष्टि से ग्रीन लाइन पर चार मेट्रो स्टेशन रहे बंद
यात्रियों को उठानी पड़ी परेशनी, नहीं जा पाए दिल्ली, लेना पड़ा अन्य साधनों का सहारा

बहादुरगढ़, जेएनएन। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन में किसानों की ओर से महिला दिवस मनाया गया। टीकरी बॉर्डर पर महिलाओं ने प्रदर्शन किया। इस कारण सुरक्षा की दृष्टि से डीएमआरसी की ओर से बहादुरगढ़ के सभी मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया। दिल्ली मेट्रो की ओर से ग्रीन लाइन पर टीकरी बॉर्डर से लेकर ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन तक सभी स्टेशन बंद कर दिए गए। इसमें बहादुरगढ़ के तीन यानी ब्रिगेडियर होशियार सिंह, बहादुरगढ़ सिटी व पंडित श्रीराम मेट्रो स्टेशन तथा दिल्ली के टीकरी  बॉर्डर  मेट्रो स्टेशन बंद किए गए। सुबह से शाम तक ये मेट्रो स्‍टेशन बंद रहे और करीब चार बजे इन्‍हें खोल दिया गया।

दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) की ओर से सुबह करीब सवा 10 बजे अचानक बहादुरगढ़ के सभी मेट्रो स्टेशनों समेत दिल्ली सीमा में लगने वाली टीकरी बॉर्डर  मेट्रो स्टेशन को भी बंद कर दिया गया।   यहां पर सुरक्षा बलों के जवान तैनात कर दिए गए।   मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने से दिल्ली व बहादुरगढ़ आवागमन करने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। डीएमआरसी ने ट्वीट व इंटरनेट मीडिया के अन्य प्लेटफार्मों से यात्रियों को ये चारों मेट्रो स्टेशन बंद करने की सूचना दी। जानकारी के अनुसार महिला दिवस पर भारी संख्या में यहाँ महिलाएं आयी। ये महिलाएं पंडित श्री राम मेट्रो स्टेशन के नीचे प्रदर्शन करती रहीं। इस कारण सुरक्षा की दृष्टि से दिल्ली मेट्रो की ओर से यहां के सभी मेट्रो स्टेशन बंद करने का निर्णय लिया गया।  ऐसे में तुरंत मेट्रो स्टेशन के गेट बंद कर दिए गए।  

यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी, लेना पड़ा अन्य साधनों का सहारा

बहादुरगढ़ में बहादुरगढ़ सिटी, पंडित श्रीराम मेट्रो स्टेशन व ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन को करीब सवा 10 बजे अचानक बंद कर दिया। इससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। उन्हें दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ा। महाबीर पार्क निवासी रमेश ने बताया कि उसे नांगलोई जाना था। मेट्रो में सवार होने के लिए घर से निकला था। मगर अचानक स्टेशन का गेट बंद कर दिया। अब उसे जीप व बस से जाना पड़ेगा।धर्मपुरा निवासी सुरेंदर ने बताया कि उसे मुंडका एक काम से जाना था। मगर स्टेशन बंद होने से काफी देरी होगी। इससे परेशानी हुई।

chat bot
आपका साथी