रोहतक में महिला की गोली मारकर हत्‍या, ममेरी बहन की शादी के लिए शॉपिंग कर लौट रही थी घर

स्कूटी सवार महिला की अज्ञात हमलावरों ने कनपटी पर गोली मार हत्‍या कर दी जबकि स्कूटी गिरने के कारण उसकी मामी भी घायल हो गई। सूचना मिलने पर आइएमटी थाना पुलिस समेत सीआइए की टीम मौके पर पहुंची। दोनों महिलाएं सांपला से खरीदारी करने रोहतक आई थी।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Sun, 24 Jan 2021 12:23 AM (IST) Updated:Sun, 24 Jan 2021 12:23 AM (IST)
रोहतक में महिला की गोली मारकर हत्‍या, ममेरी बहन की शादी के लिए शॉपिंग कर लौट रही थी घर
रोहतक में 45 साल की महिला की कनपटी पर गोली मारकर हत्‍या कर दी गई

रोहतक, जेएनएन। दिल्ली-रोहतक हाईवे पर खरावड़ गांव के नजदीक स्कूटी सवार महिला की अज्ञात हमलावरों ने कनपटी पर गोली मार हत्‍या कर दी, जबकि स्कूटी गिरने के कारण उसकी मामी भी घायल हो गई। सूचना मिलने पर आइएमटी थाना पुलिस समेत सीआइए की टीम मौके पर पहुंची। देर रात तक वारदात के कारणों का पता नहीं चल सका था।

सांपला की देव कालोनी निवासी 45 वर्षीय सुनीता पत्नी रामबीर शनिवार को अपनी मामी मीना के साथ स्कूटी पर रोहतक में शॉपिंग करने आई थी। देर शाम दोनों वापस लौट रही थी। स्कूटी सुनीता चला रही थी। इसी दौरान खरावड़ पुल के नजदीक पीछे से आए हमलावरों ने सुनीता की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही स्कूटी गिर गई, जिस कारण उसकी मामी भी घायल हो गई। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए पीजीआइएमएस में लाया गया, जहां पर डाक्टरों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने आइएमटी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह और सीआइए की टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि मीना की बेटी की सगाई हो रखी है, जिसकी कुछ दिन बाद शादी होनी है। सुनीता और मीना उसकी शादी के लिए ही शॉपिंग करने आई थी। वापस लौटते समय वारदात को अंजाम दे दिया गया।

बच्चों के साथ सांपला में रहती थी सुनीता

पुलिस के अनुसार, सुनीता की शादी चरखी दादरी के चिड़िया दुधवा गांव के रहने वाले रामबीर के साथ हुई थी। काफी साल से सुनीता अपनी बच्चों के साथ सांपला की देव कालोनी में रहती है। जबकि मीना की शादी बहुअकबरपुर गांव में के रहने वाले देवेंद्र के साथ हुई थी। मीना भी अपने बच्चों के साथ सांपला की देव कालोनी में ही रहती है।

गोली की आवाज के बाद गिर गई स्कूटी : मीना

पुलिस ने पीजीआइएमएस में पहुंचकर घायल मीना से वारदात की जानकारी लेनी चाही, लेकिन घायल अवस्था में वह सिर्फ इतना बता सकी कि सुनीता को गोली लगते ही स्कूटी गिर गई थी। इसके अलावा फिलहाल वह ज्यादा कुछ नहीं बता सकी। पुलिस अपने स्तर पर जानकारी जुटा रही है कि आखिर गोली मारने वाले कौन थे और वह किस वाहन पर आए थे। लेकिन जिस तरीके से उन्होंने सुनीता को गोली मारी है उससे लग रहा है कि कोई बेहद नजदीकी था, जिसने अंधेरे में भी सुनीता को पहचान लिया ओर वारदात को अंजाम दे डाला।

-----आइएमटी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि इस मामले में मृतक सुनीता की भतीजी तमन्ना ने बयान दिया है। जिसने बताया है कि सुनीता की बेटी भारती की शादी अटायल गांव निवासी अमित से हो रखी है। जिनके साथ विवाद चल रहा है। शक जताया है कि अमित ने हत्या  कराई है। जिसके आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी