हरियाणा के तीन शहरों की रातें हिमाचल प्रदेश से ठंडी
फोटो 209 - नारनौल हिसार और रोहतक में रात्रि तापमान सबसे कम - उत्तर पश्चिमी हवाएं चल
फोटो : 209
- नारनौल, हिसार और रोहतक में रात्रि तापमान सबसे कम
- उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट की संभावना
जागरण संवाददाता, हिसार: प्रदेश के तापमान ने अपने पिछले ठंड के रिकार्ड तोड़ दिए हैं। हालात यह है कि रविवार को नारनौल, हिसार और रोहतक तीनों स्थानों पर रात्रि तापमान पांच और छह डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गाय। पिछले 12 वर्षों में नवंबर माह में न्यूनतम तापमान कभी भी इतना कम नहीं हुआ, जितना इस बार हुआ है। रविवार को नारनौल में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस, दूसरे स्थान पर हिसार 5.8 डिग्री सेल्सियस तो रोहतक में 6.8 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच गया। खास बात है कि प्रदेश में अभी तक तीन-तीन शहरों में इतना कम तापमान नहीं रहा है। ठंड का असर आप इसी बात से लगा सकते हैं कि प्रदेश में नारनौल की ठंडी रातों ने हिमाचल प्रदेश के शिमला, धर्मशाला और सोलन जैसे पहाड़ी क्षेत्र को भी पीछे छोड़ दिया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस, दूसरे स्थान पर धर्मशाला 8.2 डिग्री सेल्सियस तो सोलन में 5.5 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहा।
एक दिसंबर तक मौसम खुश्क
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि राज्य में एक दिसंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। शुक्रवार से राज्य में उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट तथा मौसम खुश्क रहने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वातावरण में नमी की अधिकता व रात्रि तापमान में गिरावट होने की संभावना के कारण कहीं कहीं अलसुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की भी संभावना है।
-----------------------
प्रदेश में विभिन्न जिलों में तापमान
शहर- अधिकतम- न्यूनतम
अंबाला- 23.0- 8.3
भिवानी- 23.8- 8.2
पंचकूला- 23.3- 10.2
फरीदाबाद- 26.2- 8.5
गुरुग्राम- 24.5- 7.5
हिसार- 24.0- 5.8
करनाल- 23.4- 8.0
कुरुक्षेत्र- 25.3- 8.0
नारनौल- 28.5- 5.3
रोहतक- 21.5- 6.8
सिरसा- 24.5- 8.1
नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में है।