गेंहू खरीद प्रबंधों में सुधार नही हुआ तो प्रशासनिक अधिकारियों का घेराव करेगी कांग्रेस- गंगवा
संवाद सहयोगी बरवाला बरवाला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे भूपेंद्र गंगवा ने वीरवार
संवाद सहयोगी, बरवाला : बरवाला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे भूपेंद्र गंगवा ने वीरवार को अनाज मंडी का दौरा कर गेहूं खरीद प्रबंधों का जायजा लिया। इस अवसर पर गंगवा के साथ प्रमोद सिवाच, अनिल बंसल, बलजीत संदलाना, संदीप नैन सरपंच हसनगढ़, सुमित जांगड़ा, प्रताप, राजेश राजलीवाला, विनोद सहित अन्य मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि बढि़या खरीद प्रबंधों का दावा करने वाली सरकार गेहूं की खरीद करने में नाकाम साबित हुई है। किसानों में सरकार द्वारा मंडियों में किए गए आधे अधूरे या ना के बराबर किए गए प्रबंधों से किसानों में सरकार के प्रति भारी नाराजगी है। मंडियों में ना बारदाना है और ना ही लिफ्टिग हो रही है। ऑनलाइन पोर्टल सिस्टम बुरी तरह फेल हुआ है। यह सिस्टम किसानों व व्यापारियों दोनों को परेशान करने वाला है। गंगवा ने कहा कि 48 घंटे में गेहूं खरीद की अदायगी करने के दावे करने वाली सरकार ने खरीदी हुई फसल की अदायगी कई दिन बाद तक भी नहीं की। गंगवा ने कहा कि किसानों की कुछ फसल तो खरीदी गई। लेकिन कुछ में नमी बताकर किसानों को मंडी से वापस भेजा जा रहा है। भूपेन्द्र गंगवा ने कहा कि अगर आने वाले दो दिनों में किसानों की फसल नही खरीदी गई। खरीद प्रबंधों में सुधार नही हुआ व 24 घंटे में खरीदी हुई फसल की अदायगी नहीं हुई तो प्रशासनिक अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।