Weightlifter murder in Rohtak: खिलाड़ी न बच सके जिंदा, इसलिए कोच ने मौत के बाद भी किया था गले पर वार

धामड़-किलोई गांव के पास नहर की पटरी पर भोपाल की वेटलिफ्टर का शव मिला था। महिला खिलाड़ी ने रोहतक के कोच भगत सिंह पर दुष्कर्म और धमकी का केस दर्ज करा रखा था। पुलिस ने रविवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था। उसने हत्या की वारदात कबूल ली है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Mon, 22 Feb 2021 09:10 PM (IST) Updated:Mon, 22 Feb 2021 09:10 PM (IST)
Weightlifter murder in Rohtak: खिलाड़ी न बच सके जिंदा, इसलिए कोच ने मौत के बाद भी किया था गले पर वार
आरोपित ने महिला खिलाड़ी के सामान नहर में फेंक दिया था, ताकि उसकी पहचान न हो सके।

रोहतक, जेएनएन। भोपाल की महिला वेट लिफ्टर के गले पर पहला वार करने के बाद भी आरोपित संतुष्ट नहीं हुआ। उसे डर था कि कहीं महिला खिलाड़ी जिंदा न बच जाए। इसी वजह उसने दोबारा से फिर वार किया। इसके बाद महिला खिलाड़ी जमीन पर गिर गई। आरोपित को यहां पर भी चैन नहीं आया। उसने महिला खिलाड़ी के शरीर को हाथ लगाकर भी देखा। पूरी तरह से संतुष्ट होने के बाद ही आरोपित वहां से भागा था। इस दौरान आरोपित ने उसकी जेब की तलाशी भी ली। लेकिन महिला खिलाड़ी ने हबीबगंज रेलवे स्टेशन पार्किंग की पर्ची और वहीं के होटल का बिल सिकोड़कर जेब में रखा था। इस कारण वह आरोपित के हाथ नहीं लगे और यही उसकी सबसे बड़ी चूक रही। इसके बाद वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सदर थाना पुलिस ने आरोपित कोच भगत सिंह को सोमवार को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। उससे पूछताछ के बाद यह जानकारी सामने आई है।

नहर में फेंक दिया था सामान 

महिला खिलाड़ी की हत्या के बाद आरोपित ने उसके बैग को नहर में फेंक दिया था। ताकि वह किसी के हाथ न लगे। दरअसल, महिला खिलाड़ी अपने साथ कुछ कपड़े और अन्य सामान लेकर आई थी। पुलिस अभी तक महिला खिलाड़ी के बैग को बरामद नहीं कर सकी है। 

यह था मामला 

भोपाल की रहने वाली महिला वेट लिफ्टर का 18 फरवरी को नहर की पटरी पर शव मिला था। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। जांच में पता चला था कि महिला खिलाड़ी ने रोहतक के कोच भगत सिंह पर दुष्कर्म और धमकी का केस दर्ज करा रखा था। इसके बाद पुलिस ने रविवार को आरोपित कोच भगत सिंह को गिरफ्तार कर लिया था, जिसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। 

भोपाल पहुंची रोहतक पुलिस, रिकार्ड लिया कब्जे में

मामला भोपाल से जुड़ा होने के कारण सोमवार को सदर थाने के एसआइ रामदिया और साइबर टीम से एक सदस्य वहां पहुंचे। उन्होंने भोपाल के एमडीएन स्कूल में जाकर प्रधानाचार्य से भी महिला खिलाड़ी के बारे में जानकारी जुटाई। दरअसल, महिला खिलाड़ी स्कूल में खेल शिक्षिका के पद पर थी। इसके अलावा एमपी नगर और गोविंदपुरा थाने में भी पहुंची। वहां से भी पुराने केस से संबंधित रिकॉर्ड को लिया। 

आरोपित कोच को दो दिन के रिमांड पर लिया

डीएसपी रोहतक सज्जन कुमार ने बाताया कि दो पुलिसकर्मियों की टीम को भोपाल भेजा गया है, जो वहां से पूरा रिकार्ड की जानकारी जुटाएंगे। इसके अलावा आरोपित कोच को दो दिन के रिमांड पर लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। 

chat bot
आपका साथी