Haryana Weather Update: सुबह से छाए बादल, दोपहर में आंधी और बारिश से बदला हरियाणा का मौसम

हरियाणा का मौसम एकाएक बदल गया है। सुबह से बादल छाए रहे। इससे तापमान में गिरावट हुई। वहीं हिसार समेत कई जिलों में दोपहर बाद आंधी-तूफान आया। सिरसा और फतेहाबाद में बूंदाबांदी भी हुई। इससे किसानों और आढ़तियों की चिंता बढ़ गई है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 03:50 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 03:50 PM (IST)
Haryana Weather Update: सुबह से छाए बादल, दोपहर में आंधी और बारिश से बदला हरियाणा का मौसम
हिसार में दोपहर बाद धूल भरी आंधी के बीच से गुजरते बच्चे।

हिसार/फतेहाबाद, जेएनएन। मंगलवार सुबह से ही हरियाणा का मौसम बदला रहा। आसमान में बादल छाए रहे। वहीं, दोपहर बाद हिसार में तेज आंधी चली। फतेहाबाद और सिरसा में बूंदाबांदी हुई। इससे गर्मी से राहत मिली है। अभी दो दिन मौसम का मिजाज बदला रहेगा।

सोमवार को फतेहाबाद का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पर था। मंगलवार को यह तापमान 4 डिग्री गिरने के साथ ही 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान में कोई गिरावट नहीं आई और 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो बुधवार को भी मौसम परिवर्तनशील रहेगा।

मौसम विभाग की तरफ से सोमवार दोपहर को एक अलर्ट जारी किया गया था। उनके अनुसार फतेहाबाद व आसपास क्षेत्र में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे से हवा चलने व बूंदाबांदी की संभावना जताई थी। मंगलवार सुबह असर भी देखने को मिला। सुबह के समय हवा तो तेज नहीं लगी लेकिन मौसम बदला हुआ जरूर नजर आया।

20 और 21 अप्रैल को बारिश के आसार 

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञानी विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव व राजस्थान के ऊपर बनने वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है। इससे राज्य के उत्तरी व पश्चिमी जिलों में 20 व 21 अप्रैल को बादलवाई रहने, बीच बीच में तेज हवाएं चलने की संभावना है। कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने के आसार हैं। 22 अप्रैल से मौसम खुश्क व गर्म संभावित है।

आढ़ती व अधिकारी हुए परेशान

मौसम एकाएक बदलने के साथ ही आढ़ती व अधिकारी परेशान नजर आ रहे हैं। अनाजमंडियों में गेहूं की ढेरियां पड़ी है तो बोरियों का उठान भी धीमा चल रहा है। अगर तेज बरसात हो गई तो नुकसान अधिक होगी। जिससे आढ़ती परेशान है। अगर उठान से पहले बोरी बारिश से भीगती है तो आढ़ती व मार्केट कमेटी सचिव जिम्मेदार है। आढ़तियों के पास व्यवस्था इतनी अधिक नहीं है कि वो सभी के लिए तिरपाल की व्यवस्था कर सके। 

90 फीसद गेहूं कढ़ाई का कार्य हुआ पूरा

जिले में 90 फीसद तक गेहूं कढ़ाई का कार्य पूरा हो गया है। 10 फीसद गेहूं बची हुई वो भी अगले दो दिन में निकल जाएगी। ऐसे में गेहूं की तौलाई का कार्य अभी भी एक महीना और चलने की उम्मीद है। अधिकतर किसानों ने खेतों से गेहूं की कढ़ाई करने के बाद घरों में ही ढेरी लगा ली है। इस समय केवल उसी किसान की गेहूं की खरीद हो रही है जिसका मैसेज आया है। जिले में शनिवार व रविवार को गेहूं की बोली नहीं हुई थी। ऐसे में इस सप्ताह उम्मीद है कि गेहूं खरीद का कार्य भी आधा पूरा हो जाएगा। 

बदलते मौसम में किसान ये रखे सावधानियां  किसान नरमे की बिजाई रोक ले। मौसम साफ होने के बाद ही किसान फसलों की बिजाई करे।  जिन किसानों ने गेहूं की कढ़ाई नहीं की है वो जल्द से जल्द पूरा करे। मंडी में गेहूं ले जाते समय तिरपाल की व्यवस्था खुद कर ले। आंधी की संभावना को देखते हुए आगजनी की घटना ना हो इसका विशेष ध्यान रखे। 

बुधवार को भी गड़बड़ रहेगा मौसम

फतेहाबाद के उपकृषि निदेशक डा. राजेश सिहाग ने बताया कि बुधवार को भी मौसम परिवर्तनशील रहेगा। ऐसे में किसान नरमे की बिजाई रोक लें। जिन किसानों ने गेहूं की कढ़ाई नहीं की है वो जल्द से जल्द कर लें। आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी। 

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 

chat bot
आपका साथी