रोहतक में शादी के बाद ससुराल भी नहीं पहुंची दुल्‍हन, बीच रास्‍ते मार दी गोली, देखता रह गया दूल्‍हा

सांपला से दुल्हन को लेकर अपने घर लौट रहे दूल्हे की कार पर हमला कर दिया गया। कार सवार तीन बदमाशों ने दुल्हन की गाड़ी को रुकवाया जिसके बाद दुल्हन की गर्दन में दो गोली मार दी। हमलावरों ने दूल्हे के भाई से भी सोने की चेन लूट ली

By Manoj KumarEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 08:56 AM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 08:56 AM (IST)
रोहतक में शादी के बाद ससुराल भी नहीं पहुंची दुल्‍हन, बीच रास्‍ते मार दी गोली, देखता रह गया दूल्‍हा
रोहतक के सांपला से बरात लेकर दुल्हन को लेकर भाली आनंदपुर गांव में जा रहा था दूल्हा, मार दी गोली

जागरण संवाददाता, रोहतक : विदाई के बाद दुल्‍हन अपने पति के घर पहुंची भी नहीं थी कि रास्‍ते में ही उसे गोली मार दी गई। सांपला से दुल्हन को लेकर अपने घर लौट रहे दूल्हे की कार पर हमला कर दिया गया। कार सवार तीन बदमाशों ने दुल्हन की गाड़ी को रुकवाया, जिसके बाद दुल्हन की गर्दन में दो गोली मार दी। हमलावरों ने दूल्हे के भाई से भी सोने की चेन लूट ली और वहां से फरार हो गए। दुल्हन को पीजीआई में भर्ती कराया गया।

भाली आनंदपुर गांव के रहने वाले मोहन ने बताया कि उसकी शादी सांपला निवासी तनिष्का के साथ तय हुई थी। शुक्रवार रात वह दुल्हन को विदा कर अपने घर लौट रहा था। कार को मोहन का भाई सुनील चला रहा था, जबकि मोहन का साला उज्जवल भी साथ था। रात करीब 12 बजे गांव में शिव मंदिर के नजदीक पहुंचते ही पीछे से इनोवा कार में सवार तीन बदमाश आए, जिन्होंने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी रूकवा ली। दो बदमाशों के हाथों में हथियार थे और आते ही कार की चाबी छीन ली। इसी दौरान एक आरोपित में तनिष्का को पीछे से गर्दन में गोली मार दी, दूसरे आरोपी ने भी दुल्हन को गोली मारी। जिसमें वह लहूलुहान होकर कार के अंदर की गिर पड़ी। इसके बाद आरोपितो ने सुनील के गले से सोने की चेन तोड़ ली।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गए। बरात पर हुए हमले की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में उपचार के लिए दुल्हन को पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जांच में पता चला है कि बदमाशों में एक आरोपित साहिल निवासी खेड़ी सापला भी था। फिलहाल पुलिस ने आरोपित साहिल को नामजद व अन्य अज्ञात आरोपितो के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

सांपला से पीछे लगे थे आरोपित

जांच के दौरान पता चला कि हमलावर सापला से ही दुल्हन की कार के पीछे लगे हुए थे, लेकिन जैसे ही दुल्हन अपनी ससुराल में गांव के बाहर पहुंची तो उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस कई बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

दुल्हन की हालत गंभीर बनी हुई है। आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

- सत्यवान, थाना प्रभारी बहु अकबरपुर

chat bot
आपका साथी