ओलंपिक का टिकट पक्का करने को प्रदेश की टॉप-9 महिला हॉकी प्लेयर स्टेट चैंपियनशिप से दूर

हिसार में चल रही है 32वीं हरियाणा राज्य सीनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप। ओलंपिक 2020 के लिए पांच जनवरी से बेंगलुरु में लग रहा कोचिंग कैंप।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Sat, 04 Jan 2020 02:05 PM (IST) Updated:Sat, 04 Jan 2020 02:05 PM (IST)
ओलंपिक का टिकट पक्का करने को प्रदेश की टॉप-9 महिला हॉकी प्लेयर स्टेट चैंपियनशिप से दूर
ओलंपिक का टिकट पक्का करने को प्रदेश की टॉप-9 महिला हॉकी प्लेयर स्टेट चैंपियनशिप से दूर

पवन सिरोवा, हिसार : हिसार एस्टोट्रर्फ पर 3 जनवरी से 32वीं हरियाणा राज्य सीनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप का शुभारंभ हो गया है। पहले दिन सीनियर ग्रुप में खेले गए मुकाबले रोचक रहे, लेकिन उनमें प्रदेश की टॉप-9 महिला हॉकी प्लेयर की स्टिक का जादू नजर नहीं आया। प्रदेश की बेहतरीन सीनियर खिलाडिय़ों के बिना ही इस बार स्टेट चैंपियनशिप में मुकाबले खेले जा रहे हैं। कारण है कि ओलंपिक 2020 के लिए 5 जनवरी से बेंगलुरु में कोचिंग कैंप लग रहा है। इसमें टीम चयन कमेटी के सामने अपना बेस्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाडिय़ों की ओलंपिक का टिकट फाइनल होगी। ऐसे में प्रदेश की सीनियर हॉकी खिलाड़ी ओलंपिक टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए बेंगलुरु कैंप की तैयारी में है। इसके कारण इस बार वे स्टेट चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं ले रहीं।

5 जनवरी से 22 जनवरी तक बेंगलुरु में कोचिंग कैंप

ओलंपिक 2020 के लिए भारत की महिला हॉकी टीम का चयन होना है। जिसके लिए हॉकी इंडिया ने बेंगलुरु के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) में 5 जनवरी से 22 जनवरी 2020 तक भारतीय महिला कोचिंग कैंप का आयोजन किया है। इसमें प्रदेश की नौ हॉकी खिलाडिय़ों का चयन किया गया है। जो कैंप में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। कैंप में उनकी फिटनेस और प्रफॉर्मेंस के आधार पर टॉप 16 भारतीय महिला टीम खिलाडिय़ों का चयन होगा। जो ओलंपिक में भारतीय टीम में देश का प्रतिनिधित्व करेगी।

प्रदेश की ये महिला खिलाड़ी कैंप में होगी शामिल

रानी, सविता पूनिया, उदिता, सोनिका, नवजौत कौर, मनप्रीत कौर, नवनीत कौर, मोनिका, नेहा शामिल की गई हैं। पूर्व में हुई प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन व फिटनेस के आधार पर इन महिला हॉकी खिलाडिय़ों का कैंप के लिए चयन किया गया है।

यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के कारण भी सीनियर खिलाड़ी हिसार में नहीं खेल रहीं

वर्तमान में चेन्नई में इंटर यूनिवर्सिटी हॉकी चैंपियनशिप चल रही है। जिसमें पूर्व की दो बार उपविजेता रही सोनीपत की 11 सीनियर खिलाड़ी वहां प्रतियोगिता में गई हुई हंै। सोनीपत टीम कोच अनिल डबास ने बताया कि इस बार सोनीपत की सीनियर हॉकी टीम में अधिकांश नए चेहरे हैं। जो सीनियर टीम में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। ऐसे में हिसार एस्ट्रोटर्फ पर होने वाली स्टेट चैंपियनशिप में इस बार नए हॉकी खिलाड़ी हैं जो अपनी टीम को स्टेट चैंपियन बनाने के लिए अपनी स्टिक का जादू दिखाएंगी।

हॉकी इंडिया ने बेंगलुरु के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) में 5 जनवरी से 22 जनवरी तक कोचिंग कैंप का आयोजन किया जाएगा। उसमें हिसार की सविता पूनिया, उदिता और सोनिका सहित प्रदेश चयनित हॉकी खिलाड़ी भाग लेंगी।

- आजाद सिंह मलिक, सीनियर हॉकी कोच हिसार।

chat bot
आपका साथी