Tokyo Olympics: टोक्यो के रंग में रंगे हरियाणवी खिलाड़ी, एक दिन आराम के बाद मैदान में बहाया पसीना

हरियाणा के खिलाड़ियों को टोक्यो खूब भा रहा है। एक दिन आराम के बाद टीम ने पसीना बहाना शुरू कर दिया है। कुछ खिलाड़ी सेल्फी लेने में व्यस्त हैं। खिलाड़ियों के प्रैक्टिस के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। उन्हें भारतीय भोजन मुहैया कराया जा रहा है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Mon, 19 Jul 2021 09:58 PM (IST) Updated:Mon, 19 Jul 2021 09:58 PM (IST)
Tokyo Olympics: टोक्यो के रंग में रंगे हरियाणवी खिलाड़ी, एक दिन आराम के बाद मैदान में बहाया पसीना
ओलंपिक के लिए खेल गांव पहुंची भारतीय महिला हॉकी टीम।

ओपी वशिष्ठ, रोहतक। हरियाणा के खिलाड़ी टोक्यो के रंग में रंगना शुरू हो गए हैं। एक दिन आराम करने के बाद अब खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति के नियमों के तहत होटल से बाहर निकलकर प्रैक्टिस में जुट गए हैं। इतना ही नहीं खेल गांव के समीप स्टेडियम में प्रैक्टिस एरिया में हल्का-फुल्का अभ्यास भी किया। कुछ खिलाड़ी सेल्फी लेने में व्यक्त हैं तो कुछ खेल गांव में किए गए इंतजामों से गदगद हैं। खास बात यह है कि जापान द्वारा किए गए सत्कार से सभी खिलाड़ी खुश हैं और टोक्यों से देश के लिए स्वर्णिम यादें लेकर लौटना चाहते हैं।

बॉक्सिंग टीम ने जमकर बहाया पसीना

खेल गांव से 40 मिनट की दूरी पर ओलिंपिक समिति की तरफ से प्रैक्टिस एरिया बनाया गया है। अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों को वहां प्रैक्टिस करने की मंजूरी भी दी है। बॉक्सिंग टीम ने सोमवार को स्टेडियम में जमकर पसीना बहाया। हालांकि अब खिलाड़ी एक-दूसरे से मुकाबला करने के बजाय मूवमेंट पर ज्यादा ध्यान कर रहे हैं। मुकाबला करने से इसलिए भी परहेज है कि कहीं चोटिल न हो जाएं। अमित पंघाल, मनीष कौशिक, विकास कृष्णन और पूजा बोहरा की प्रैक्टिस करते हुए इंटरनेट मीडिया पर फोटो और वीडियो भी वायरल हो रहे हैं।

अमित पंघाल के रूममेट हैं मनीष कौशिक

अमित पंघाल ने दैनिक जागरण से बातचीत में बताया कि मनीष कौशिक उनके रूममेट हैं। खेल गांव के समीप स्टेडियम में प्रैक्टिस एरिया बनाया गया है। यहां रिंग में भी प्रैक्टिस की और बॉक्सिंग बैग से भी खुद को वार्मअप किया। जापान में खाना उनके मुताबिक मिल रहा है। सुबह नास्ते में फ्रूट और जूस लेते हैं, लंच में चावल-दाल और मिक्स वेज तथा डिनर में दूध व हल्का भोजन ले रहे हैं। प्रैक्टिस के बाद आराम और खाली समय में म्यूजिक सुनना पंसद करते हैं ताकि खुद को रिलैक्स रखा जा सके।

टीम को परोसा भारतीय खाना, सविता ने खाया दाल-पनीर व चावल

टोक्यो पहुंची भारतीय महिला हाकी टीम सोमवार को मैदान में उतरी। खेल गांव में बने स्टेडियम पर भारतीय टीम के लिए दो घंटे समय निर्धारित किया गया। इस दौरान खिलाडिय़ों ने फिटनेस को लेकर मैदान पर खूब पसीना बहाया। इसके अलावा खेल गांव में ही टीम ने खाली समय में ओलंपिक विलेज का भ्रमण किया। इसके अलावा टीम की सदस्यों ने खेल को लेकर चर्चा की। टीम यहां पूरे हौसले के साथ प्रैक्टिस के दौरान भी मैदान में उतरी। खेल गांव में भारतीय खिलाडिय़ों को भारतीय खाना ही दिया जा रहा है। खाने से पूर्व उनकी च्वाइस पूछी जा रही है। सविता ने खाने में पनीर, दाल की इच्छा जताई और उन्हें वही खाना उपलब्ध करवाया गया।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी