गायों को कैंटर में भरकर ले जा रहे थे कत्लखाने, रोहतक में तीन तस्कर गिरफ्तार

गायों को कत्लखाने लेकर जा रहे तीन आरोपितों को हरियाणा गोरक्षा दल के सदस्यों ने महम के पास से पकड़ लिया। जिन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया है। साथ ही कैंटर में मिली सात गाय और एक बछड़े को गोशाला में छोड़ दिया गया है।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 11:39 AM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 11:39 AM (IST)
गायों को कैंटर में भरकर ले जा रहे थे कत्लखाने, रोहतक में तीन तस्कर गिरफ्तार
हरियाणा गोरक्षा दल की टीम ने रोहतक-हिसार हाईवे से पकड़ा कैंटर

जागरण संवाददाता, रोहतक : गायों को कैंटर में भरकर कत्लखाने लेकर जा रहे तीन आरोपितों को हरियाणा गोरक्षा दल के सदस्यों ने महम के पास से पकड़ लिया। जिन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया है। साथ ही कैंटर में मिली सात गाय और एक बछड़े को गोशाला में छोड़ दिया गया है। आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

सीसरखास गांव निवासी रमेश कुमार हरियाणा गोरक्षा दल का जिलाध्यक्ष है। पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि शनिवार रात करीब दो बजे वह अपने साथियों के साथ रोहतक-हिसार हाईवे पर महम के नजदीक था। तभी सूचना मिली कि एक कैंटर में गायों को भरकर कत्लखाने लेकर जा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कैंटर की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद कैंटर आता हुआ दिखाई दिया।

उन्होंने कैंटर को रूकवाने का प्रयास किया, जिस पर कैंटर ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन उनकी टीम ने पीछा कर कैंटर को पकड़ लिया। जिसमें चालक समेत तीन लोग सवार थे। चालक की पहचान सिरसा जिले के सक्ताखेड़ा गांव निवासी विनोद कुमार और आशीष के रूप में हुई। जबकि तीसरे आरोपित की पहचान पंजाब के तरनतान जिले के गहरी गांव निवासी गुरजेंट सिंह के रूप में हुई। कैंटर में सात गाय और एक बछड़ा मिला। सूचना मिलने पर महम थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि गायों को कत्लखाने में लेकर जा रहे थे। आरोपितों के खिलाफ हरियाणा गोवंश संरक्षण अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। गौरतलब है कि जिले में पिछले एक माह के अंदर गायों की तस्करी के 10 से अधिक मामले पकड़े जा चुके हैं। अधिकतर तस्करी हिसार और सिरसा जिले की तरफ से हो रही है।

chat bot
आपका साथी