राहगीरी में शहर के लोगों ने जमकर की मस्ती

हिसार। महाबीर स्टेडियम के सामने रविवार सुबह पुलिस प्रशासन ने राहगीरी

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Jul 2019 06:18 AM (IST) Updated:Mon, 01 Jul 2019 06:18 AM (IST)
राहगीरी में शहर के लोगों ने जमकर की मस्ती
राहगीरी में शहर के लोगों ने जमकर की मस्ती

जागरण संवाददाता, हिसार।

महाबीर स्टेडियम के सामने रविवार सुबह पुलिस प्रशासन ने राहगीरी आयोजित की। जिसमें शहरवासियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न खेल गतिविधियों का लुत्फ उठाया। ड्रग फ्री इंडिया थीम पर आधारित राहगीरी में डीसी अशोक कुमार मीणा और एसपी शिवचरण ने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया और प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।

डीसी अशोक कुमार मीणा ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि शहरवासियों के मनोरंजन के लिए राहगीरी बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पंजाब में फैला नशा धीरे-धीरे हरियाणा में पैर पसार रहा है। युवाओं को इससे बचाने के लिए इस पर रोक लगाना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशे की लत केवल एक व्यक्ति या परिवार नहीं, पूरे समाज और देश को नुकसान पहुंचाती है। अपराधों की शुरूआत में नशे की प्रवृति और भूमिका पाई जाती है। उन्होंने कहा कि एक शोध के अनुसार 14 वर्ष से कम आयु में नशा करने पर शरीर को इसके दुष्प्रभाव से जीवनभर मुक्त नहीं करवाया जा सकता है। जो व्यक्ति नशे की लत के शिकार हैं। उन्हें इससे छुटकारा दिलवाने और पुन: समाज की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। नशा मुक्ति केंद्रों में चिकित्सकों की मदद से नशाग्रस्त व्यक्तियों का समुचित उपचार करने की सुविधा है। पुलिस द्वारा भी नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। डीसी ने बताया कि जिला में नशाग्रस्त व्यक्तियों के उपचार के लिए प्रशासन द्वारा एक एप विकसित करवाया गया है। जिसका जल्द शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल 14 जुलाई को होने वाले राहगीरी में मुख्यातिथि होंगे। एसपी शिवचरण ने कहा कि युवाओं का स्वस्थ व खुश रहना बहुत जरूरी है। इस काम में राहगीरी सराहनीय भूमिका निभा रही है।

कलाकार देवा ने लोगों का मनोरंजन किया

कार्यक्रम में हरियाणवी कलाकार देव कुमार देवा ने लोकप्रिय गीतों पर हर किसी को झूमने पर मजबूर कर दिया। भंगड़ा प्लेनेट के सदस्यों ने जोशपूर्ण प्रस्तुति दी। कोर फिटनेस जिम के अमन वर्मा की टीम ने एरोबिक व फिटनेस एक्सरसाइज करवाई। हरियाणवी कॉमेडियन मनीष मस्त ने भरपूर मनोरंजन कराया। अन्य कलाकारों तथा छोटे-छोटे बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्त्रम आयोजित किए।

.................

शहरवासियों ने खेलों का लुत्फ उठाया

शहरवासियों के लिए विभिन्न प्रकार के खेलों में भागीदारी करने का प्रबंध किया गया था। जिसमें छोटे-छोटे बच्चों से लेकर महिलाओं व बुजुर्गों ने भागीदारी की। महाबीर स्टेडियम के गेट से बाल भवन, जिला पुस्तकालय के सामने व राजकीय महाविद्यालय तक क्रिकेट, बैडमिटन, लूडो, सांप-सीढ़ी, शतरंज, जूडो, कराटे, ताइक्वांडो और एरोबिक जैसे विशेष खेलों में शहरवासियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर डीएसपी अशोक कुमार, जोगेंद्र शर्मा, राहगीरी प्रधान अशोक हंस, डॉ. राज चोटानी, हरीश चोटानी, रमेश बंसल, सुनीता रेडू, नीरज वर्मा, डा. शालू ढांडा, डा. विनोद डूडी, निर्मला, हरमेश, नरेंद्र कुंडू और अन्य मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी