करोड़ों रुपये की देनदारी छोड़ अनाज मंडी से फरार हुई फर्म के खिलाफ डेढ़ माह बाद पुलिस ने किया केस दर्ज

संवाद सहयोगी मंडी आदमपुर अनाज मंडी से एक फर्म के संचालक दो भाइयों द्वारा कई आढ़तियों अ

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 05:03 AM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 05:03 AM (IST)
करोड़ों रुपये की देनदारी छोड़ अनाज मंडी से फरार हुई फर्म के खिलाफ डेढ़ माह बाद पुलिस ने किया केस दर्ज
करोड़ों रुपये की देनदारी छोड़ अनाज मंडी से फरार हुई फर्म के खिलाफ डेढ़ माह बाद पुलिस ने किया केस दर्ज

संवाद सहयोगी, मंडी आदमपुर : अनाज मंडी से एक फर्म के संचालक दो भाइयों द्वारा कई आढ़तियों और किसानों के करोड़ों रुपये की देनदारी छोड़कर फरार होने के मामले में आखिरकार डेढ़ माह बाद आदमपुर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया हैं। अनाज मंडी स्थित बनारसी दास वजीर चंद फर्म के संचालक दोनों भाइयों के फरार होने के मामले को लेकर आदमपुर व्यापारमंडल ने बैठक कर पुलिस को शिकायत दी थी। इसके बाद व्यापारमंडल के पदाधिकारी और व्यापारी जिला पुलिस अधीक्षक बलवान सिंह राणा से मिले थे। पुलिस अधीक्षक ने जांच के बाद केस दर्ज करने के आदेश दिए। जिस पर आदमपुर पुलिस ने मंगलवार को फर्म संचालक दोनों भाइयों सतेंद्र पाल व जितेंद्र पाल के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया हैं। पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में व्यापार मंडल के प्रधान दीनदयाल गोयल, सचिव गौरव सिगला, उपप्रधान सतपाल भांभू, धर्मबीर खिचड़, सह सचिव राहुल सिगला व कोषाध्यक्ष गौरव मेहता ने बताया कि अनाज मंडी स्थित दुकान नंबर 93-ए में बनारसी दास वजीर चंद नाम की फर्म मंडी में आढ़त का काम कर रही थी। करीब 30 सालों से काम कर रही फर्म के संचालक सतेंद्र पाल व जितेंद्र पाल इस सीजन में मंडी से करीब 100 आढ़ती व किसानों की सरसों व ग्वार खरीदी, लेकिन किसी को पैसे का भुगतान नहीं किया था। अपनी बकाया रकम लेने के लिए लेनदारों ने कई बार संबंधित फर्म संचालकों से संपर्क किया, लेकिन उन्हें कोई उचित जवाब नहीं मिला। लेनदारों ने जब मामले की खोजबीन की तो पता चला कि फर्म संचालक रातों रात फरार हो चुके हैं। इस बारे में आढ़तियों ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को बताया कि अनाज मंडी की इस फर्म के संचालक दोनों भाई करीब एक सप्ताह से गायब है। इसके बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने इन दोनों भाइयों से संपर्क करना चाहा लेकिन इनसे कोई संपर्क नहीं हुआ। जब इनके मकान पर पता किया तो वहां से पता चला कि यह दोनों भाई रातों-रात अपना सामान लेकर मकान खाली कर चले गए हैं। व्यापार मंडल ने इनके रिश्तेदारों से भी संपर्क किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि ये दोनों भाई करीब चार करोड़ 10 लाख रुपये की देनदारी छोड़कर फरार हुए हैं। व्यापार मंडल ने पुलिस कप्तान से दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर उनका भुगतान कराने की मांग की थी। जिस पर पुलिस कप्तान बलवान सिंह राणा ने इस पूरे मामले की जांच डीएसपी को सौंपी और जांच के डेढ़ माह बाद दोनों भाईयों के खिलाफ आदमपुर पुलिस ने केस दर्ज किया हैं।

रोजाना आढ़त की दुकान खोलता है मुनीम

आदमपुर अनाज मंडी से करीब चार करोड़ 10 लाख रुपये की देनदारी छोड़कर फरार हुई फर्म की दुकान अब भी हर रोज की तरह खुलती हैं। दुकान को मुनीम खोलता हैं और शाम को बंद कर चला जाता हैं। लेकिन जब मुनीम से फर्म संचालकों के बारे में पूछा जाता हैं तो एक ही जवाब मिलता हैं उसे कोई पता नहीं हैं।

chat bot
आपका साथी