तांत्रिक के फेर में फंसी ब्यूटी पार्लर संचालिका, भूत भगाने के बहाने किया दुष्कर्म, उठाया खौफनाक कदम

हिसार में ब्यूटी पार्लर संचालिका की आत्महत्या के मामले में नया मोड़। महिला तांत्रिक के फेर में फंसी थी। उसने महिला पर भूत का साया बताया था। पूजा पाठ के बहाने तांत्रिक गलत काम कर रहा था। एक महीने बाद राज से पर्दा उठा।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 04:17 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 04:17 PM (IST)
तांत्रिक के फेर में फंसी ब्यूटी पार्लर संचालिका, भूत भगाने के बहाने किया दुष्कर्म, उठाया खौफनाक कदम
तांत्रिक ने महिला की बहन के बेटे और किरायेदार को भी धमकी दी थी।

जागरण संवाददाता, हिसार। हिसार में एक तांत्रिक ब्यूटी पार्लर संचालिका से गलत काम करता था। महिला ने तंग आकर अपने ब्यूटी पार्लर में ही पंखे पर फंदा लगा जान दे दी। मृतका के पति ने तांत्रिक और उसके साथियों पर हत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पुलिस को शिकायत दी है।

मृतक महिला के पति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक अस्पताल में कंपाउंडर था। उसकी शादी उसके गांव की ही कमला के साथ हुई थी। उसका एक बेटा और एक बेटी है। उसकी पत्नी पिछले दो सालों से तांत्रिक के चक्कर में पड़ी थी। उसे लगता था कि उस पर कोई प्रेतआत्मा का साया है। उसकी पत्नी दूसरे गांव में सिलाई व ब्यूटी पार्लर का काम करती थी। 20 जुलाई को उसकी पत्नी रोजाना की तरह घर से अपने ब्यूटी पार्लर पर गई थी। जब वह देर शाम तकरीबन आठ बजे तक भी घर नहीं लौटी तो दुकान पर जाकर देखा। वहां उसकी पत्नी का शव दुकान में पंखे से लगे फंदे पर लटका मिला।

बेटे के सामने मौसेरे भाई ने खोला राज

पीड़ित ने बताया के उसका बेटा पिंजौर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। अपनी मां की मौत के सूचना पर उसका बेटा हिसार आया। उसके बेटे के सामने उसकी साली के बेटे ने राज खोला था। उसने बताया कि मृतका के पीछे सुनील नाम का एक तांत्रिक लगा हुआ था। उसकी पत्नी ने 20 जुलाई को अपनी बहन के बेटे को फोन कर बताया था कि सुनील तांत्रिक और उसके दो तीन आदमी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। उसकी दुकान के आगे भी कई चक्कर लगा चुके थे।

बहन के बेटे को भी देता था धमकी

तांत्रिक मृतका की बहन के बेटे को भी वाट्सएप मैसेज करता था। तांत्रिक कहता था कि उसकी मौसी के पास एक और फोन है जो तांत्रिक को देना होगा। पीड़ित ने बताया कि तांत्रिक ने उसकी साली के बेटे को भी फाेन कर धमकी दी थी कि वह उसका काम नहीं करेगा तो वह उसे और उसकी मौसी दोनों को जान से मार देगा। पीड़ित ने बताया कि उसकी साली का बेटा इन धमकियों से डरा हुआ था और वह 20 जुलाई को डर के मारे ही यह बातें पुलिस को नहीं बता पाया था।

किरायेदार ने बताया, गलत काम कर रहा था तांत्रिक

पीड़ित ने बताया कि उनके घर में प्रथम तल पर किरायेदार रहता है। किरायेदार ने भी उसे बताया कि उसकी पत्नी इन दिनों उसे बता रही थी कि सुनील तांत्रिक उसके साथ कई बार गलत काम कर चुका है। अब वह उसे जान से मारने की धमकियां दे रहा है। किरायेदार ने उसे यह भी बताया कि 20 जुलाई को जब उसकी पत्नी घर पर नही पहुंची थी तो किरायेदार ने सुनील तांत्रिक से फोन करके पूछा था। तांत्रिक ने किरायेदार को कहा था कि वह उस महिला का पुराना सिम तोड़कर नया सिम देकर आया है। पीड़ित का आरोप है कि उसे यकीन हो गया है कि उपरोक्त तांत्रिक और उसके साथियों के दबाव में आकर ही उसकी पत्नी ने फंदा लगाकर जान दी है। पुलिस ने शिकायत पर धारा 306/34 आइपीसी के तहत केस दर्ज किया है।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी