पांच जिलों के विद्यार्थी रोहतक में दिखाएंगे प्रतिभा, बाल महोत्सव में बिखर रहे संस्कृति के रंग
बाल भवन में शुरू हुए इस चार दिवसीय महोत्सव में पांच जिलों के विद्यार्थी प्रतिभा दिखाएंगे। सोमवार को पहले दिन समूह नृत्य में अलग अलग टीमें अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। समूह नृत्य में सोमवार को रोहतक झज्जर भिवानी दादरी और सोनीपत सहित कुल 40 टीम अपनी प्रतिभा दिखाएंगी।
जागरण संवाददाता, रोहतक : रोहतक में सोमवार से बाल महोत्सव शुरू हो गया है, जिसमें संस्कृति के अलग अलग रंग बिखरने लगे है। बाल भवन में शुरू हुए इस चार दिवसीय महोत्सव में पांच जिलों के विद्यार्थी प्रतिभा दिखाएंगे। सोमवार को पहले दिन समूह नृत्य में अलग अलग टीमें अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। समूह नृत्य में सोमवार को रोहतक, झज्जर, भिवानी, दादरी और सोनीपत सहित कुल 40 टीम अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। ज्यादातर टीम सुबह नौ बजे ही बाल भवन में पहुंच गई है। जबकि दस बजे बाल महोत्सव का शुभारंभ हो गया। जिसमें हरियाणवीं समूह नृत्य, पंजाबी भांगड़ा, राजस्थानी नृत्य व गुजराती गरबा आदि की प्रस्तुति दी जाएगी।
जिला बाल कल्याण अधिकारी सोमदत खूंडिया ने बताया कि इस जोनल स्तरीय महोत्सव में पांच जिलों के 1200 से अधिक विद्यार्थी भाग लेंगे। पांच जिलों के विद्यार्थी साेमवार से वीरवार तक रोहतक में प्रतिभा दिखाएंगे। यहां बाल भवन में सुबह यह बाल महोत्सव शुरू हो गया है। जिसमें अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। जाेनल स्तरीय इस बाल महोत्सव में अनेक विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव को लेकर लगभग 500 विद्यार्थी सोमवार सुबह ही पहुंच गए जबकि अन्य टीम भी पहुंच रही हैं।
इस चार दिवसीय बाल महोत्सव में सामूहिक लोक नृत्य के अलावा एकल नृत्य, एकल गायन, सामूहिक देशभक्ति गीत और प्रश्नोत्तरी मुकाबले भी होंगे। सोमवार को सुबह से ही समूह नृत्य के मुकाबलों में विद्यार्थी भाग लेकर अपने-अपने जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। महोत्सव में विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। 28 अक्टूबर को महोत्सव का समापन होगा। इसमें विजेता रहने वाली टीमें प्रदेश स्तर पर होले वाले महोत्सव में भाग लेंगी। बता दें कि इससे पहले बाल भवन में ही जिला स्तरीय बाल महोत्सव का अायोजन किया गया था। जिसमें रोहतक के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। अब जोनल स्तरीय बाल महोत्सव में भी रोहतक की टीमों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।