सिस्टम में सुधार के लिए सफाईकर्मियों ने खुलकर बताई समस्याएं
जागरण संवाददाता हिसार बस स्टैंड स्थित जिदल पार्क में नगर निगम आयुक्त अशोक कुमार गर्ग ने ए
जागरण संवाददाता, हिसार : बस स्टैंड स्थित जिदल पार्क में नगर निगम आयुक्त अशोक कुमार गर्ग ने एक से तीन वार्डों के सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक में सफाई कर्मचारियों ने पीएफ से लेकर बच्चों की स्कूल संबंधी समस्याएं निगम आयुक्त के समक्ष रखी। सफाई कर्मचारियों ने मेडिकल जांच, हथ रेहडिय़ों की कमी, एरिया बदलने, बच्चों को ट्रांसपोर्टेशन जैसी समस्याएं बताई। निगमायुक्त अशोक कुमार गर्ग ने सफाई कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि कोई भी सफाई कर्मचारी कभी भी कार्यालय में आकर उनसे मिल सकता है और अपनी परेशानी बता सकता है। निगमायुक्त ने कहा कि आप लोग सबसे जरूरी सफाई का कार्य करते हैं। जब सफाई तीन चार दिन नहीं होती है तब शहरवासियों को आपकी अहमियत का अहसास होता है। आप लोगों को कोई समस्या होगी तो शहर की सफाई बेहतर कैसे होगी। हमें सिस्टम में सुधार करना है। इसलिए सभी खुलकर अपनी समस्याएं सामने रख सकते है। निगमायुक्त ने सीएसआई सुभाष सैनी को आदेश दिए कि सफाई कर्मचारियों की हथ रेहड़ी संबंधी समस्याओं का तुरंत प्रभाव से समाधान किया जाए। जिन कर्मचारियों को डीसी रेट नहीं मिल रहा है। उन्हें रिवाइज डीसी रेट तुरंत प्रभाव से दिया जाये। इस दौरान एचवीसी कृष्ण सैनी, एएसआइ संदीप बिश्नोई, एएसआइ सुरेंद्र हुड्डा, तहबाजारी इंचार्ज सुरेंद्र शर्मा व सुरेंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे। ---- निगमायुक्त के समक्ष सफाई कर्मचारियों ने यह रखी समस्याएं - कई सफाई कर्मचारियों का मेडिकल नहीं करवाया गया है। - तेलियान पुल मार्केट स्थित वाल्मिकी मंदिर में आंगनबाड़ी बनाने की मांग की। जहां पर सफाई कर्मचारियों के छोटे बच्चों की देखभाल हो सके। - नगर सुधार मंडल के कर्मचारियों को टाटा एस मुहैया करवाई जाये। - कई कर्मचारियों का पीएफ बकाया है, वह दिलवाया जाये। - वार्ड दो में सफाई करने वाले कर्मचारियों को हथ रेहड़ी दी जाएगी। - सफाई कर्मचारियों के लिए एरिया अनुसार रेहड़ियों को ठीक करने वाले दुकानें निश्चित की जाये। जहां पर कर्मचारी अपनी हथ रेहडिय़ों ठीक करवा सके। - सूर्य नगर से पारिजात चौक पर ड्यूटी लगाई गई है। कई कर्मचारियों को कई किलोमीटर दूर से किराया लगाकर आना पड़ता है। इसलिए एरिया बदलवाया जाये। - लोहामंडी में शौचालय के बुरे हालात है। उसे ठीक करवाया जाये। - लोहामंडी, रेड स्क्वेयर मार्केट व ऋषि नगर में बेसहारा पशुओं की संख्या ज्यादा है। उन्हें पकड़वाया जाये। पशुओं के सड़कों पर गोबर करने से सफाई करने में परेशानी आती है। - कर्मचारियों के बच्चों के लिये निगम वाहन सुविधा मुहैया करवाये।