गुरमीत राम रहीम की बिगड़ी तबीयत, रोहतक पीजीआइ में करवाया भर्ती, चप्‍पे-चप्‍पे पर पुलिस तैनात

गुरमीत राम रहीम को स्वास्थ्य खराब होने पर बुधवार शाम को पीजीआइएमएस (पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस) रोहतक में भर्ती कराया गया। सुनारिया जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच एंबुलेंस में लाया गया। इस मामले को पूरी तरह से गोपनीय रखा गया

By Manoj KumarEdited By: Publish:Wed, 12 May 2021 07:32 PM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 07:03 AM (IST)
गुरमीत राम रहीम की बिगड़ी तबीयत, रोहतक पीजीआइ में करवाया भर्ती, चप्‍पे-चप्‍पे पर पुलिस तैनात
गुरमीत राम रहीम को एक गाड़ी से भारी सुरक्षा के बीच सुनारिया जेल से पीजीआई रोहतक लाया गया है

रोहतक, जेएनएन। साध्वी दुष्कर्म और पत्रकार हत्याकांड के दोषी डेरा सच्चा सौदा सिरसा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम (Gurmeet ram rahim) को स्वास्थ्य खराब होने पर बुधवार शाम को पीजीआइएमएस (पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस) रोहतक में भर्ती कराया गया। सुनारिया जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच एंबुलेंस में लाया गया। इस मामले को पूरी तरह से गोपनीय रखा गया था ताकि किसी को इसकी भनक न लगे। हाईप्रोफाइल कैदी होने के कारण पीजीआइएमएस में सुरक्षा घेरा बना दिया है।

सुनारिया जेल में सजा काट रहे गुरमीत राम का बुधवार को स्वास्थ्य बिगड़ गया। जेल के अस्प्ताल में चिकित्सकों ने इसकी जांच की। लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर पीजीआइएमएस के चिकित्सकों की एक टीम को सुनारिया जेल में भेजा गया। बाद में उसे पीजीआइ में भर्ती करने का निर्णय लिया। उसके लाने से पहले पीजीआइ में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। शाम छह बजकर दस मिनट पर राम रहीम को एंबुलेंस से पीजीआइ लाया गया।

एंबुलेंस को पुलिस की गाड़ियों के बीच में रखा गया। सुनारिया जेल से वाया बाईपास पीजीआइ में लाया गया। एंबुलेंस को सीधे एमएस आफिस के बाहर ले गए। एंबुलेंस से नीचे उतरते ही रामरहीम को सुरक्षा घेरे में लिया और स्पेशल वार्ड में ले गए। पुलिस उपाधीक्षक शमशेर सिंह दहिया की सुरक्षा में उसे पीजीआइ लाया गया। वहीं चर्चा यह भी चल रही है कि हरियाणा सरकार राम रहीम को पैरोल देने की तैयारी कर रही है, मगर अभी इसी बात की पुष्टि नहीं हो सकी है।

गुरुग्राम अस्पताल का वीडियो भी हुआ था वायरल

बीते जनवरी में रामरहीम का गुरुग्राम के एक अस्पताल में जाने का भी वीडियो वायरल हुआ था। उस अस्पताल में रामरहीम की मां भर्ती थी, जिसका हालचाल जानने के लिए गया था। बाद में उसके जाने की पुष्टि सरकार ने भी कर दी थी। यह दूसरा वाक्या है, जब रामरहीम को सुनारिया जेल से बाहर ले जाया गया है। इस बार राम रहीम को स्वास्थ्य कारणों के चलते पीजीआइ लाया गया है।

27 अगस्त 2017 से काट रहा है सजा

गुरमीत राम रहीम को साध्वी दुष्कर्म मामले में पंचकूला की अदालत में 25 अगस्त 2017 को पेश किया गया था। सीबीआइ की विशेष अदालत ने उसे दोषी करार देते हुए सुनारिया जेल में भेज दिया था। 27 अगस्त को इस मामले में सुनारिया जेल में ही सीबीआइ अदालत लगाई गई, जिसमें रामरहीम को 20 साल की सजा सुनाई गई। इसी दिन से रामरहीम जेल में सजा काट रहा है। हालांकि कई बार पैरोल के लिए अर्जी लगा चुका है, लेकिन हर बार खारिज हो गई। बीते दिनों भी पैरोल की अर्जी लगाई थी, जिसपर भी फैसला नहीं हुआ है।

कोरोना संक्रमित नहीं है राम रहीम - दहिया

पीजीआइएमएस रोहतक एमएस डॉ. पुष्‍पा दहिया ने कहा कि गुरमीत राम रहीम को मेडिकल जांच के लिए पीजीआइएमएस में लाया गया है। जेल में चक्कर आने की शिकायत मिली थी। बीपी की शिकायत हो सकती है। कोरोना संक्रमित नहीं है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम जांच कर रही है। हालात सामान्य है।

chat bot
आपका साथी