भजनलाल की प्रतिमा के अनावरण पर Rahul Gandhi बोले- हमने किसानों की रक्षा की, भाजपा कुचलने में जुटी
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी वर्चुअल माध्यम से पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भजनलाल की प्रतिमा का अनावरण किया। आदमपुर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया और कुलदीप बिश्नोई समेत कई बड़े नेता पहुंचे। इस दौरान कुमारी सैलजा भी पहुंची थी।
जागरण संवाददाता, हिसार। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी वर्चुअल माध्यम से पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भजनलाल की प्रतिमा का अनावरण किया। आदमपुर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया और कुलदीप बिश्नोई समेत कई बड़े नेता पहुंचे। कुलदीप बिश्नोई ने इस दौरान समर्थकों को संबोधित किया और कहा कि कांग्रेस एक बड़ी शक्ति बनकर उभरेगी।
राहुल गांधी ने कहा आज हम चौधरी भजनलाल के जन्मदिन के उपलक्ष्य में कार्यक्रम कर रहे हैं। भजनलाल ने हरियाणा को जोड़ने का काम किया। मगर आज की सरकार देश को तोड़ने का काम कर रही है। चौधरी भजनलाल ने किसानों के लिए काम किया और वर्तमान सरकार किसानों को गाड़ी के नीचे कुचल रही है। किसान इस देश की रीढ़ की हड्डी है। किसान के बिना ये देश आगे नहीं जा सकता है। किसान देश को अनाज देता है। हरियाणा और पंजाब इस कड़ी में सबसे आगे हैं। सरकार ने तीन कृषि कानून लागू किए हैं मगर इससे किसका फायदा हो रहा है। केवल कुछ बड़े उद्योगपतियों के फायदे के लिए इन कानूनों को बनाया गया है।
राहुल गांधी ने कहा आज हम चौधरी भजनलाल के जन्मदिवस पर प्रण लें कि हम छोटे से छोटे किसान और व्यापारी की रक्षा करें। पहली बार देखा है कि सरकार आम जनता पर हमला कर रही है। हमें किसी राज्य में जाने से रोका जा रहा है। लखीमपुर में हमें जाने से रोक दिया गया है।
राहुल गांधी ने कहा कि बहुत सारे लोग बोलेंगे कि चौधरी भजनलाल ने देश के लिए किसानों के लिए क्या किया था। मैनें सब कांग्रेस के नेताओं का नाम लिया, मगर मैं कुलदीप बिश्नोई का स्पेशली धन्यवाद करना चाहता हूं कि जिन्होंने इस कार्यक्रम का आयोजन किया। भजनलाल का जो एजेंडा था उसे पूरा कर रहे हैं। मैं डिजिटल रूप से भजनलाल की प्रतिमा का अनावरण करता हूं। आप सभी को बहुत बहुत धन्यवाद और बधाई। कुमारी सैलजा और विवेक बंसल समेत सभी का मैं धन्यवाद करता हूं।
कुलदीप बिश्नोई ने बताया कि हमें खुशी है कि हमारे नेता राहुल गांधी ने हमारे अनुरोध को स्वीकार करते हुए चौ. साहब की प्रतिमा अनावरण करने के लिए अपनी सहमती प्रदान की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी विवेक बंसल हमें आशीर्वाद देने के लिए स्वयं आदमपुर पधारे। पूरे देश में भजनलाल की 16 प्रतिमाएं लगाई जाएंगी, जिनकी शुरूआत 6 को उनके समाधि स्थल जन प्रेरणा स्थल मंडी आदमपुर से हो रही है।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा प्रतिमाएं हम इसलिए लगाते हैं कि महान विभूतियों को हमेशा याद रखा जा सके। चौधरी भजनलाल भी एक ऐसे ही शख्स थे, जिन्होंने जनता को अपने से उपर समझा। भारत पाकिस्तान के बंटवारे के वक्त एक छोटे से गांव से यहां आए जिनका कोई राजनीतिक इतिहास नहीं था। मगर उन्होंने आदमपुर के गांव मोहम्मदपुर रोही से शुरुआत कर देश में अपना नाम किया। तीन बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बने। नौ बार विधायक बने। चार बार मेरे भाई चंद्रमोहन पंचकूला से विधायक बने।
आदमपुर से लगातार अब मैं बनता आ रहा हूं। यह सब इसलिए हो पाया क्योंकि हम जनता के बीच रहे और जनता के दर्द को समझा। चौधरी भजनलाल जब हरियाणा के बिजली मंत्री रहे तो हर गांव में बिजली पहुंचाने का काम किया। केंद्रीय मंत्री बने तो किसानों के लिए काम किया। मुख्यमंत्री रहते हुए कई ऐसी योजनाएं चलाईं जिनका आज तक जिक्र किया जाता है। उनके राज में हर तरफ पानी ही पानी था। हर नहर में टेल तक पानी पहुंचता था।
बता दें कि चौधरी भजनलाल हरियाणा की राजनीति का बड़ा नाम रहे तो केंद्र सरकार बनाने गिराने में भी उनकी बड़ी भूमिका रही। भजनलाल का परिवार आदमपुर सीट पर कभी नहीं हारा है। उनके परिवार का राजनीति में बड़ा कद रहा। भजनलाल को जब सीएम नहीं बनाया गया था तो कुलदीप बिश्नोई ने जनहित कांग्रेस नाम की पार्टी बनाई। उन्होंने विधानसभा चुनावों में छह सीटें भी जीतीं। मगर उनके कुछ विधायकों ने कांग्रेस को ही समर्थन दे दिया था। इसके बाद कुलदीप बिश्नोई ने फिर से कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली थी।
बीते लोकसभा चुनावों में कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई हिसार से काग्रेंस की सीट पर चुनाव लड़े। उनकी रैली में खुद प्रचार करने के लिए प्रियंका गांधी पहुंची थी, मगर वो जीत नहीं सके। मगर कुलदीप बिश्नोई की पैठ कम नहीं हुई। बीते विधानसभा चुनावों में उन्होंने अपने लिए हमेशा की तरह आदमपुर सीट प्राप्त की तो साथ ही नलवा सीट पर अपने दोस्त रणधीर पनिहार का नाम पक्का कर लिया।
इससे नलवा विधानसभा हलके का टिकट हरियाणा के पूर्व वित्तमंत्री संपत सिंह के हाथ से निकल गया था। वहीं उनके दोस्त रणधीर पनिहार नलवा सीट पर हार गए थे और बीजेपी प्रत्याशी रणबीर सिंह गंगवा यहां से अब विधायक हैं।