रोहतक में फ्लोर डीजे पर पिस्तौल के साथ खिंचवा रहे थे फोटो, तभी चली गोली, केस दर्ज

शादी में बरात से पहले दिन रात के समय डीजे का कार्यक्रम था। वहां पर ढिल्लु का दोस्त रोहित पिस्तौल लेकर आया हुआ था। डीजे पर डांस के दौरान काफी भीड़ थी और रोहित व अन्य पिस्तौल को हाथ में लेकर बार-बार फोटो खिंचवा रहे थे। तभी गोली चल गई।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 11:00 AM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 11:00 AM (IST)
रोहतक में फ्लोर डीजे पर पिस्तौल के साथ खिंचवा रहे थे फोटो, तभी चली गोली, केस दर्ज
रोहतक के समचाना गांव में शनिवार रात डीजे पर चल गई थी गोली, दो युवक हुए थे घायल

जागरण संवाददाता, रोहतक : सांपला थाना क्षेत्र के चुलियाना गांव में डीजे पर डांस के दौरान पिस्तौल को हाथ में लेकर फाेटो खिंचवाना भारी पड़ गया। शनिवार रात हुए हादसे में दो युवकों को गोली लगी थी, जिसमें दोनों घायल हो गए थे। हालांकि इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस ने अपने स्तर पर मामला दर्ज करने की तैयारी की, जिसके बाद घायल युवक की तरफ से पिस्तौल लेकर आने वाले आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

यह था मामला

27 नवंबर को समचाना गांव के रहने वाले ढिल्लु की शादी थी। बरात से पहले दिन रात के समय डीजे का कार्यक्रम था। वहां पर ढिल्लु का दोस्त रोहित पिस्तौल लेकर आया हुआ था। डीजे पर डांस के दौरान काफी भीड़ थी और रोहित व अन्य पिस्तौल को हाथ में लेकर बार-बार फोटो खिंचवा रहे थे। तभी अचानक पिस्तौल से गोली चल गई। जो रोहित के हाथ में लगते हुए समचाना गांव के ही राजू के पैर में जा लगी थी। जिसमें दोनों घायल हो गए थे। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उपचार के दौरान रोहित अस्पताल से भाग गया था। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।

असलहा लाइसेंसी या अवैध होगी जांच

सांपला थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को दिन भर शिकायत मिलने का इंतजार किया गया, लेकिन इस मामले में किसी की तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई। दो युवकों को गोली लगने का मामला गंभीर था। जिसके बाद पुलिस ने अपने स्तर पर ही मामला दर्ज करने की तैयारी कर दी थी। आखिर में देर रात घायल राजू की तरफ से बयान दर्ज कराया गया। इसमें बताया कि पिस्तौल रोहित लेकर आया था, जिससे यह हादसा हुआ था। फिलहाल रोहित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

आरोपित की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी पता किया जा रहा है कि जिस असलहे से गोली चली है वह लाइसेंसी है या फिर अवैध है। आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि कई दिन पहले शहर की एकता कालोनी में भी डीजे पर गाना बजाने के दौरान दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। इसके बाद एक युवक की ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में तीन आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। जिसमें दुल्हे का भाई भी शामिल था।

chat bot
आपका साथी