फंदे पर झूलता मिला बेंगलुरु से हांसी लौट कोरोना सैंपल देने वाले व्यक्ति का शव

युवक घर भी नहीं लौटा था कि मसूदपुर के तालाब पर बेंगलुरु से लौटे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने 40 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया

By Edited By: Publish:Sun, 31 May 2020 07:19 AM (IST) Updated:Sun, 31 May 2020 12:31 PM (IST)
फंदे पर झूलता मिला बेंगलुरु से हांसी लौट कोरोना सैंपल देने वाले व्यक्ति का शव
फंदे पर झूलता मिला बेंगलुरु से हांसी लौट कोरोना सैंपल देने वाले व्यक्ति का शव

हांसी, जेएनएन। इसे कोरोना का खौफ कहें या कुछ और कि मसूदपुर गांव के तालाब पर बेंगलुरु से लौटे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने 40 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस सूचना मिलते ही गांव में पहुंची व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शव को हिसार सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद ही डाक्टरों द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा।

बता दें कि गांव में दो गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। बीती 25 मई को दोनों गुटों में जमकर खूनी संघर्ष हुआ था, जिसमें दोनों तरफ से काफी लोग घायल हुए थे। पुलिस को दिए बयान में मृतक के भाई संतलाल ने बताया कि उसका भाई बेंगलुरु में जूते-चप्पल की फेरी लगाता है। कोरोना के चलते काम बंद होने पर वह शुक्रवार को हांसी बस स्टैंड पर पहुंचा था। सबसे पहले वह छोटे भाई के साथ हिसार सिविल अस्पताल में कोरोना टेस्ट करवाने गया। उसके बाद शाम 3.30 बजे वह घर लौटने के बाद गांव में घूमने के लिए चला गया।

लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार के सदस्य उसे गांव में ढूंढने के लिए निकल पड़े। रात ढाई बजे गांव के तालाब पर रामभगत का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने दूसरे गुट पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के भाई संतलाल ने कहा कि दूसरे गुट के लोग कुछ दिन पहले ही उनके घर आकर धमकी देकर गए थे कि वह लाशें बिछा देंगे और शुक्रवार को उसके भाई की मौत हो गई।

पुलिस ने 13 लोगों को किया था गिरफ्तार

दोनों गुटों के बीच चल रहे विवाद में सदर पुलिस ने शुक्रवार को एक गुट से 10 व दूसरे गुट के 3 लोगों को गिरफ्तार किया था। इन सभी आरोपितों को जमानत पर छोड़ा था। पुलिस ने हत्या के आरोप में जिन 40 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, उनमें से ज्यादातर आरोपित बीते रोज पुराने मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं।

क्वारंटाइन पीरियड में ही चला गया घूमने

बेंगलुरु से आने के बाद रामभगत ने सैंपल दिए थे और नियमानुसार उसे 14 दिन होम क्वारंटाइन रहना था। लेकिन मृतक अपनी मर्जी से ही नियम तोड़ते हुए गांव में घूमने निकल गया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने रोकने का प्रयास लेकिन वह बोला काफी दिनों बाद आया हूं, गांव घूमना है।

-----जांच में सामने आएगा सच कोरोना सैंपल देकर आए व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। गांव में दो गुटों के बीच विवाद चल रहा है। रामभगत के परिजनों दूसरे गुट पर हत्या के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

- नवल ¨सह, एसएचओ, सदर थाना

chat bot
आपका साथी