ओपी चौटाला बोले- मेरी जेल की सजा पूरी हो चुकी, अब तो डर के कारण रिहाई नहीं कर रहे

पूर्व सीएम ने कहा वे कर्जा माफी के पक्षधर नहीं लेकिन हम किसानों को व आम आदमी को इतनी सुविधाएं देंगे कि वे दूसरों को कर्जा दे सके। कहा 2 अक्टूबर को उम्‍मीदवारों के नाम घोषित होंगे

By Manoj KumarEdited By: Publish:Mon, 30 Sep 2019 10:30 AM (IST) Updated:Mon, 30 Sep 2019 10:30 AM (IST)
ओपी चौटाला बोले- मेरी जेल की सजा पूरी हो चुकी, अब तो डर के कारण रिहाई नहीं कर रहे
ओपी चौटाला बोले- मेरी जेल की सजा पूरी हो चुकी, अब तो डर के कारण रिहाई नहीं कर रहे

सिरसा, जेएनएन। पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि मेरी जेल की सजा पूरी हो चुकी है मगर भाजपा सरकार मुझसे डरती है इसलिए मुझे जेल से रिहा नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि जो पार्टी की आड़ में लूट मचा रहे थे वो ही नेता इनेलो छोड़कर गए है। सच्चे कार्यकर्ता आज भी पार्टी के साथ है। यह बात उन्होंने सिरसा में इनेलो कार्यालय में सिरसा, डबवाली, कालांवाली व रानियां हलके के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।

पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा है कि इनेलो के सत्ता में आने पर ट्रैक्टर के चालान को बंद किया जाएगा। चौ. देवीलाल ने 1977 में किसानों के ट्रैक्टर को गड्ढा घोषित किया था, लेकिन भाजपा सरकार किसान विरोधी होने के कारण ट्रैक्टर को व्यवसायिक रूप दे दिया। ट्रैक्टर के भी चालान किए जा रहे हैं जो सीधे-सीधे किसान विरोधी फैसला है।

चौटाला ने भाजपा पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि जनता भाजपा के कुशासन से छुटकरा पाना चाहती है क्योंकि देश प्रदेश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है। उन्होंने कहा कि कैथल में आयोजित रैली के बाद प्रदेश में इनेलो का ग्राफ बढ़ गया है। जो लोग इनेलो छोड़कर दूसरे दलों में गए थे वे वापस आने का मन बना रहे हैं।

इनेलो के विधायक भाजपा में गए थे, बीजेपी के मंच से उन्हें धक्के मारकर अपमानित किया गया जबकि इनेलो ने उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करते हुए लोगों को पार्टी में शामिल करने का काम करे।

पूर्व सीएम ने कहा कि वे कर्जा माफ करने के पक्षधर नहीं हैं, लेकिन हम किसानों को व आम आदमी को इतनी सुविधाएं देंगे कि वे दूसरों को कर्जा दे सके। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को पार्टी उम्मीदवारों की लिस्ट घोषित की जाएगी तथा 33 प्रतिशत महिलाओं को टिकट दिए जाएंगे ताकि महिलाओं को सम्मान मिल सके।

chat bot
आपका साथी