भिवानी में दर्दनाक हादसाः चार बहनों का इकलौते भाई की कुएं में गिरने से मौत, स्वजन बोले- हत्या हुई

युवक को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां से उसे रेफर कर दिया गया। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। वहां से परिजन वापस सामान्य अस्पताल लेकर आए। जहां युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया गया।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Fri, 26 Feb 2021 07:53 PM (IST) Updated:Fri, 26 Feb 2021 07:53 PM (IST)
भिवानी में दर्दनाक हादसाः चार बहनों का इकलौते भाई की कुएं में गिरने से मौत, स्वजन बोले- हत्या हुई
युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए न्याय की गुहार लगाई। पुलिस जांच कर रही है।

भिवानी, जेएनएन। गांव कोंट से निनाण रोड पर स्थित कुएं में गिरने से शुक्रवार सुबह गौतम नाम के युवक की मौत हो गई। पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची औद्योगिक थाना पुलिस ने युवक को आस-पास के लोगों की मदद से बाहर निकाल कर चौ. बंसीलाल सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां पर उसकी हालत गंभीर होने पर पीजीआइ रेफर किया गया, लेकिन परिजन उसके शहर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां पर उसकी मौत हो गई। बाद में उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए न्याय की गुहार लगाई। 

रोज सुबह बॉक्सिंग प्रैक्टिस करने जाता था गौतम

औद्योगिक थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह छह बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि गांव निनान व कोंट की तरफ जाने वाले रास्ते पर बने कुएं के अंदर एक युवक पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। युवक को कुएं से बाहर निकाला गया। युवक को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां से उसे रेफर कर दिया गया। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। वहां से परिजन वापस सामान्य अस्पताल लेकर आए। जहां युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में पता चला कि युवक प्रतिदिन सुबह बॉक्सिंग की प्रेक्टिस करने के लिए आता था। एफएसएल टीम जांच कर रही है। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे बैंक कालोनी निवासी सतबीर ने युवक की पहचान अपने 22 साल के बेटे गौतम के रूप में की है।

पिता ने पुलिस से लगाई न्याय दिलाने की गुहार

मृतक के पिता सतवीर ने बताया कि उन्हें पुलिस से सूचना मिली कि उनका लड़का गौतम सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि गौतम प्रतिदिन सुबह पांच बजे घूमने जाता था। परिजनों ने कहा कि उन्हें संदेह है कि उसकी किसी ने कुएं में धक्का देकर हत्या की है। 22 साल का युवक चार बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता ने पुलिस से उन्हें न्याय दिलाए जाने की मांग की।

हत्या या हादसा, पुलिस कर रही जांच 

औद्योगिक थाना के एसएचओ पवन कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। हत्या या फिर हादसा यह पुलिस जांच कर रही है। 

chat bot
आपका साथी