बहादुरगढ़ में ओमप्रकाश चौटाला बोले- 2024 का नहीं करना पड़ेगा इंतजार, पहले ही टूटेगी हरियाणा सरकार

बहादुरगढ़ में इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी के कार्यालय में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओपी चौटाला ने कहा कि मध्यावधि चुनाव होंगे इसीलिए एकजुट हो जाओ रूठों को मना लो भटके हुओं को पार्टी से जोड़कर संगठन को मजबूत कर लो। 3 मार्च को सिरसा के ऐलनाबाद में जनसभा होगी।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 04:49 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 04:49 PM (IST)
बहादुरगढ़ में ओमप्रकाश चौटाला बोले- 2024 का नहीं करना पड़ेगा इंतजार, पहले ही टूटेगी हरियाणा सरकार
बहादुरगढ़ में इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी के कार्यालय में ओपी चौटाला का स्‍वागत करते हुए कार्यकर्ता

बहादुरगढ़, जेएनएन। इनेलो सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि मैं कोई ज्योतिषी तो नहीं हूं लेकिन जिस हिसाब से प्रदेश के हालात हैं उससे जनता को 2024 के चुनाव का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार जल्द ही गिर जाएगी और प्रदेश में मध्यावधि चुनाव होंगे। इसीलिए सभी इनेलो कार्यकर्ता एकजुट हो जाएं। रूठों को मना लो। भटके हुओं को पार्टी से जोड़कर संगठन को मजबूत करने का काम करें। राज बणा ल्यो। फेर थारे सारे खोटवे (तकलीफ) काढ़ दयूंगा। वे बहादुरगढ़ में इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष पूर्व विधायक नफे सिंह राठी के कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐलनाबाद में तीन मार्च को होने वाली जनसभा के लिए निमंत्रण भी दिया।

ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि आज जाति-पाति, धर्म, मजहब से ऊपर उठकर 36 बिरादरी के लोग इकट्ठे होकर कृषि आंदोलन के माध्यम से इन तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। इस कुशासन से छुटकारा चाहते हैं। इनेलो पार्टी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। कार्यकर्ताओं से पूर्व मुख्यमंत्री ने आह्वान किया है कि वे रास्ता भटके और रूठे हुए लोगों को मना लें। उन्हें पुचकार कर वापस पार्टी में शामिल कर लें। हमारा किसी से द्वेष नहीं है। हमारा तो एक लक्ष्य है कि चौधरी देवीलाल के सपनों को साकार करें।

इनेलो रूपी पौधा उन्होंने ही लगाया है। कार्यकर्ताओं ने इसे खून से सींचा है। मगर बदकिस्मती ये रही कि आपकी मेहनत का जब फल मिलना शुरू हुआ तो कुछ लुटेरे उस फूल को लूट ले गए। चौटाला ने कहा कि आज तीन महीने के लगभग किसानों को अपना विरोध प्रकट करते हुए हो गया, मगर भाजपा सरकार किसानों के ऊपर केवल अत्याचार ही कर रही है।

भाजपा सरकार को चाहिए कि किसानों की मांगों को शीघ्र मानते हुए इन तीनों कृषि कानूनों को वापस ले, ताकि इस देश का अन्नदाता सुविधा पूर्ण रह सके। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी, पवन धनखड़, महिला सेल की जिला अध्यक्ष नीलम, रानी नागर, बेबी अहलावत, युवा जिला अध्यक्ष प्रमोद राठी, राजवीर परनाला, जय सिंह, रामनिवास सैनी आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी