दोस्तों संग घर के लिए निकला था झज्जर का नितेश, घर पहुंचा शव, बुझा इकलौता चिराग
घर के इकलौते चिराग गांव खुड्डन के रहने वाले नितेश की गांव माछरोली बस स्टैंड के नजदीक हुए हादसे में मौत हो गई। वह बीडीसी मेंबर था। करीब डेढ़-दो साल पहले नितेश की गाड़ी पेड़ से जा टकराई थी। उस हादसे में वह बच गया था।
हिसार/झज्जर, जेएनएन। दोस्तों संग अपने घर के लिए निकले नितेश के लिए यह आखिरी सफर साबित हुआ। गांव माछरोली बस स्टैंड के नजदीक हुए हादसे में घर के इकलौते चिराग गांव खुड्डन निवासी नितेश की मौत हुई है। मौत की सूचना मिलते ही परिवार वालों में दुखों की लहर सी दौड़ गई। सिविल अस्पताल में पहुंचे हर किसी की आंखें नम नजर आई।
झज्जर के माछरोली के गांव खुड्डन निवासी संजय ने बताया कि उसका भाई कप्तान सिंह खेतीबाड़ी करता है। भाभी गुड्डी देवी गृहिणी हैं। दोनों का इकलौता बेटा 25 वर्षीय बीडीसी मेंबर था। बेटे के साथ दोनों खुश थे। बेटे की मौत ने हंसते खेलते परिवार को ग्रहण लगा दिया है। घटना के बारे में जिसे पता चला वो यही कहता नजर आया कि माता-पिता का इकलौता सहारा भी छिन गया।
मिलनसार और लोगों का चहेता था नितेश
ग्रामीणों के मुताबिक नितेश मिलनसार तो था, लोगों का चहेता भी था। जिसकी बदौलत उसे खंड साल्हावास के वार्ड नंबर छह से बीडीसी मेंबर चुना गया। युवा उम्र में ही बीडीसी मेंबर बनने के बाद अब अपनी अलग ही पहचान भी बनाने लगा था। इधर, माता-पिता भी बेटे को लेकर अनेक सपने संजोए हुए थे। बेटे को बीडीसी मेंबर बनने के बाद अच्छे मुकाम पर पहुंचता हुआ देखना चाहते थे। साथ ही जल्द शादी कर बेटे का घर बसाने का सपना देख रहे थे। हादसे की वजह से माता-पिता के सभी सपने धरे के धरे रह गए। अब तो उनके पास केवल बेटे की यादें ही रह गई हैं।
डेढ़-साल पहले भी हो चुका नितेश का एक्सीडेंट
संजय ने बताया कि इससे पहले भी नितेश की कार का एक्सीडेंट हुआ था। करीब डेढ़-दो साल पहले नितेश की गाड़ी पेड़ से जा टकराई थी। तत्कालीन समय में नितेश किसी काम से जा रहा था तो उस दौरान यह हादसा हुआ। जिसमें नितेश को केवल मामूली चोटें आई थी। लेकिन, मंगलवार अल सुबह हुए इस हादसे में नितेश की जान ही लील ली। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण व अन्य लोग अस्पताल में पहुंचे।
यह भी पढ़ेंः झज्जर जिले में दो सड़क दुर्घटनओं में दो लोगों की मौत, दो लाेगों की हालत गंभीर
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें