पूर्व कैबिनेट मंत्री सतपाल सांगवान की पौत्री नव्या बनी सेना में लेफ्टिनेंट, दादरी में खुशी की लहर

नव्या सांगवान कमीशन प्राप्त कर सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त हुई है। सेना की मेडिकल कोर में नियुक्त हुई नव्या ने पिता व दादा से प्रेरणा लेते हुए बचपन से ही देश सेवा करने फैसला कर लिया था। उनकी नियुक्ति यूपी के आगरा स्थित सेना अस्पताल में है

By Manoj KumarEdited By: Publish:Sun, 16 May 2021 10:57 PM (IST) Updated:Sun, 16 May 2021 10:57 PM (IST)
पूर्व कैबिनेट मंत्री सतपाल सांगवान की पौत्री नव्या बनी सेना में लेफ्टिनेंट, दादरी में खुशी की लहर
अपने दादा पूर्व कैबिनेट मंत्री सतपाल सांगवान के साथ लेफ्टिनेंट बनी पौत्री नव्‍या

चरखी दादरी, जेएनएन। प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री सतपाल सांगवान की पौत्री व सुनारिया जेल अधीक्षक सुनील सांगवान की बेटी नव्या सांगवान कमीशन प्राप्त कर सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त हुई है। सेना की मेडिकल कोर में नियुक्त हुई नव्या ने पिता व दादा से प्रेरणा लेते हुए बचपन से ही देश सेवा करने फैसला कर लिया था। उनकी नियुक्ति उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित सेना अस्पताल में लेफ्टिनेंट के पद पर हुई है। नव्या के पिता सुनील सांगवान रोहतक जेल अधीक्षक तथा माता सुनीता देवी प्राध्यापक हैं। दादा सतपाल सांगवान के राजनीति में तथा पिता सुनील सांगवान के जेल अधीक्षक के पद पर रहते हुए भी परिवार ने अपने बेटा व बेटी को सेना में भेजने का फैसला लिया था।

वर्ष 2016 में बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद ही नव्या का चयन महाराष्ट्र के पुणे में स्थित आर्म्ड फोर्स मेडिकल कालेज, एएफएमसी में हो गया था। शनिवार को पुणे में एएफएमसी के 55वें बैच की 21 महिला कैडेटों सहित 110 मेडिकल कैडेटों को सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा में चिकित्सा अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया। हालांकि कोविड-19 के चलते वहां पर पासिंग आउट परेड का आयोजन नहीं किया गया।

दादा, पिता से मिली प्रेरणा

नव्या ने बताया कि दादा सतपाल सांगवान उसे सेना में भेजना चाहते थे और लगातार उसे देश सेवा करने की प्रेरणा दी। वहीं पिता जेल अधीक्षक सुनील सांगवान ने भी उसे सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का हौंसला दिया। स्वजनों ने बताया कि नव्या का आर्मी मेडिकल कालेज में दाखिला होने से पहले रोहतक पीजीआइ में भी दाखिला हो गया था।

सपनों से न करें समझौता : नव्या

मेडिकल कोर में लेफ्टिनेंट बनी नव्या सांगवान का कहना है कि लड़कियां भी देश सेवा के लिए सेना में आएं। उन्हें कभी भी सपनों से समझौता नहीं करना चाहिए और कड़ी मेहनत से सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों में लड़कियां आगे बढ़कर परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन कर सकती हैं।

गर्व की बात है : सतपाल

पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान का कहना है कि राजनीति करने वाले अपने बच्चों को राजनीति में ही लाते हैं। इसके बावजूद उनका सपना था कि वे अपने पौत्र-पौत्री को देश सेवा के लिए सेना में भेजें। उनके लिए बड़े गर्व की बात है कि नव्या सांगवान कमीशन प्राप्त कर सेना की मेडिकल कोर में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त हुई है। उन्होंने कहा कि पौत्र मनव सांगवान भी जल्द ट्रेनिंग पूरी कर सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए कमीशन लेकर देश सेवा करेगा।

पौत्र ले रहा एनडीए में ट्रेनिंग

गौरतलब है कि पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान का पौत्र व लेफ्टिनेंट नव्या सांगवान का छोटा भाई मनव सांगवान भी वर्तमान में एनडीए में ट्रेनिंग कर रहा है। वर्ष 2018 से वह महाराष्ट्र में पुणे के समीप स्थित खडकवासला राष्ट्रीय रक्षा एकेडमी में ट्रेनिंग ले रहा है।

chat bot
आपका साथी