फेसबुक पर हुए कमेंट के बाद रोहतक में हुआ खूनी खेल, पंचायत में समझौते के बाद थी अहम की लड़ाई

रोहतक के महम के सैमाण गांव में बुधवार रात अंधाधुंध फायरिंग की गई थी। एक युवक की हत्या कर दी गई थी। दो लोग घायल हुए थे। उनका इलाज चल रहा है। पंचायत में दोनों पक्षों में समझौता हुआ था। पर दुश्मनी खत्म नहीं हुई थी।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 10:25 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 10:25 PM (IST)
फेसबुक पर हुए कमेंट के बाद रोहतक में हुआ खूनी खेल, पंचायत में समझौते के बाद थी अहम की लड़ाई
कुकर्म के एक मामले में दोनों पक्षों के लोग जेल गए थे। वहां से आकर रंजिश शुरू हो गई थी।

रोहतक/महम, जेएनएन। सैमाण गांव में बुधवार देर रात हुए रोहित हत्याकांड को फेसबुक पर हुए कमेंट को लेकर अंजाम दिया गया। हमलावरों के निशाने पर रोहित ही था। इसलिए उन्होंने रोहित के शरीर में कई गोलियां उतार दी थीं। वीरवार देर शाम तक शव का पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं रोहित के पुलिसकर्मी जीजा समेत बाकी दोनों घायलाें का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में एक महिला समेत छह आरोपितों को नामजद करते हुए केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने कई आरोपितों को हिरासत में भी लिया है। दोनों पक्षों के बीच पहले पंचायत में समझौता भी हो गया था, लेकिन फिर भी अहम को लेकर रंजिश चल रही थी।

यह था मामला

सैमाण गांव निवासी जगदीश बुधवार देर रात अपने परिवार के साथ मकान की बैठक में बैठा हुआ था। उसका दामाद जींद के झड़ौली गांव निवासी अनेश भी वहां पर आया हुआ था, जो हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत है और फिलहाल पैरालाइज की बीमारी से ग्रसित है। रात करीब साढ़े नौ बजे बाइक सवार करीब आठ-नौ हमलावर वहां पर पहुंचे। जिन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे वहां पर भगदड़ मच गई और बैठक में बैठे परिवार के सदस्य इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाने लगे। फायरिंग में जगदीश के 22 वर्षीय बेटे रोहित, रिश्तेदार अनेश और गांव के ही संदीप को गोली लगी थी। पीजीआइएमएस में उपचार के दौरान रोहित की मौत हो गई थी। जबकि बाकी दोनों घायलों का उपचार चल रहा है।

इनके खिलाफ दर्ज करवाया गया है मामला

इस मामले में जगदीश की तरफ से अमित उर्फ मीतू, रमलू, विकास उर्फ मटरी, संदीप, बाला, दीलू समेत कई अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि हमले से कुछ देर बाद बाला पत्नी कुलदीप मकान के सामने से गाली-गलौच देते हुए निकली थी। इसके तुरंत बाद हमला हो गया। जगदीश ने छीना-झपटी में आरोपित अमित उर्फ मीतू से पिस्तौल भी छीन ली थी। जो पुलिस को सौंप दी गई है। उधर, मृतक रोहित के शव का वीरवार को पोस्टमार्टम कराया गया।

कुकर्म के मामले में एक पक्ष ने मांग ली थी माफी

वर्ष 2015 में गांव के ही एक बच्चे के साथ कुकर्म की घटना हुई थी। इसमें मटरी उर्फ विकास पक्ष और जगदीश पक्ष के बच्चों के नाम आए थे। जो जेल में भी गए थे। इस प्रकरण को लेकर गांव में पंचायत भी हुई। जिसमें मटरी पक्ष ने माफी भी मांग ली थी, लेकिन जगदीश पक्ष ने माफी से मना कर दिया था। तभी से मटरी और जगदीश पक्ष के बीच अहम की लड़ाई चल रही थी। वर्ष 2019 में भी दोनों पक्षों के बीच धारदार हथियार चले थे और 2020 में भी पुलिस तक मामला पहुंच गया था। हालांकि पंचायत के बाद दोनों में समझौता हो गया था।

जगदीश पक्ष से मटरी पक्ष पर किया गया था कमेंट 

पुलिस के अनुसार, अब दोनों पक्षों के बीच फेसबुक के एक कमेंट को लेकर ज्यादा तलवार खिंची हुई थी। जगदीश पक्ष की तरफ से फेसबुक पर मटरी पक्ष को लेकर कमेंट किया था। जिसे लेकर यह वारदात हुई है। वीरवार दोपहर के समय डीएसपी शमशेर सिंह और एफएसएल इंचार्ज डा. सरोज दहिया मलिक ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। थाना पुलिस और सीआइए की टीम ने कई संदिग्ध आरोपितों को हिरासत में लिया है।

क्या कहती है पुलिस

थाना प्रभारी महम इंस्पेक्टर कुलबीर सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। दोनों घायलों की हालत में सुधार है। आरोपितों को पकड़ने के लिए प्रयास किया जा रहा है। जल्दी ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी