शराबी बेटे ने पीट-पीटकर पिता की ले ली जान, घर में चारपाई पर मिला सड़ता हुआ शव

हिसार में सेना से रिटायर कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घर में चारपाई पर उसका शव सड़का हुआ मिला। हत्या का आरोप मृतक के बेटे पर ही है। वह शराब पीने का आदी है। आरोप है कि नशे के लिए ही उसने पिता की हत्या की है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Thu, 10 Jun 2021 11:18 AM (IST) Updated:Thu, 10 Jun 2021 11:18 AM (IST)
शराबी बेटे ने पीट-पीटकर पिता की ले ली जान, घर में चारपाई पर मिला सड़ता हुआ शव
मृतक के भाई की शिकायत पर उसके बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

हिसार, जेएनएन। हिसार कैंट एरिया में चौधरी कालोनी में एक बेटे ने अपने सेना से रिटायर पिता को ही पीट-पीटकर मार डाला। बताया जा रहा है कि बेटा शराब का नशा करने का आदी है। नशापूर्ति के लिए उसने अपने पिता को मार डाला।

बुधवार को सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक को कब्जे में लेकर शहर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। मृतक का शव घर में ही चारपाई पर पड़ा मिला है। बताया जा रहा है कि मृतक वजीर सिंह की डंडों और ईंटों से पीट पीटकर हत्या की गई है। हत्या दो से तीन दिन पहले की गई है। पुलिस ने मृतक वजीर सिंह के भाई जयपाल के बयान पर आरोपित बेटे के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। शव का पोस्टमार्टम वीरवार को किया जाएगा

भाई ने बेटे पर लगाया हत्या का आरोप 

पुलिस को दिए बयान में मृतक के भाई जयपाल ने बताया कि वह मुख्यत: बास थाना के अंतर्गत आने वाले गांव पुट्ठी समैण के निवासी हैं। वे चार भाई है। उनमें सबसे बड़ा 68 वर्षीय वजीर सिंह हिसार कैंट में सेना में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। करीब 8 साल पहले वह सेना से रिटायर हुआ था। जयपाल ने बताया कि वजीर की पत्नी की कई साल पहले मौत हो चुकी है। फिलहाल वजीर अपने बेटे संदीप के साथ सातरोड कलां के नजदीक स्थित चौधरी कालोनी में रहता था। वजीर ने अपने दूसरे बेटे को 8 साल पहले बेदखल कर दिया था।

ऑटो चलाता है आरोपित संदीप

वजीर का बेटा आरोपित संदीप आटो चलाता है और शराब का अधिक सेवन करता है। इसी बात के चलते संदीप की पत्नी अपने बच्चों सहित मायके चली गई थी। जयपाल ने बताया कि संदीप अकसर अपने पिता वजीर सिंह के साथ झगड़ा करता था। जयपाल ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे उसे सूचना मिली कि वजीर के मकान से दुर्गंध आ रही है। जब वह मौके पर पहुंचा तो वजीर चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ा था। उसके सिर से खून बह रहा था। जयपाल ने शिकायत में बताया कि उसने तसल्ली कर ली है कि वजीर की हत्या संदीप ने ही की है।

दो या तीन पहले की गई हत्या

सदर थाना पुलिस ने बताया कि उन्हें पड़ोसियों ने सूचना दी कि वजीर सिंह के मकान से दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद पड़ोसियों ने ही वजीर के भाई को सूचित किया। सदर थाना पुलिस ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया है। चिकित्सकों ने कहा है कि यह शव दो से तीन दिन पुराना है। शव काफी गली-सड़ी अवस्था में है। शव का अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

आरोपित को हिरासत में लेकर की जा रही पूछताछ

सदर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपित संदीप को हिरासत में ले लिया गया है। उससे मामले के बारे में पूछताछ की जा रही है। हालांकि अब तक संदीप ने कोई जानकारी नहीं दी है।

क्या कहती है पुलिस

एसएचओ इंस्पेक्टर मंदीप कुमार ने बताया कि मृतक के बेटे के बयान पर आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपित शराब पीने का आदी था। अपने पिता के साथ अकसर झगड़ा करता रहता था। मृतक का पोस्टमार्टम वीरवार को करवाया जाएगा।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी