6 माह में हुए अवैध निर्माणों की 3 दिन में सूची तैयार करेगा निगम

अवैध निर्माण से बिगड़ रही शहर की सूरत को संवारने के लिए नगर निगम कमिश्नर अशोक गर्ग ने कमर कस ली है। पिछले छह माह में नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध निर्माण करने वालों की अब निगम सूची तैयार करेगा।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 15 Aug 2020 06:38 AM (IST) Updated:Sat, 15 Aug 2020 06:38 AM (IST)
6 माह में हुए अवैध निर्माणों की 3 दिन में सूची तैयार करेगा निगम
6 माह में हुए अवैध निर्माणों की 3 दिन में सूची तैयार करेगा निगम

जागरण संवाददाता, हिसार : अवैध निर्माण से बिगड़ रही शहर की सूरत को संवारने के लिए नगर निगम कमिश्नर अशोक गर्ग ने कमर कस ली है। पिछले छह माह में नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध निर्माण करने वालों की अब निगम सूची तैयार करेगा। इसके लिए अधिकारियों को तीन दिन का समय दिया गया है।

कमिश्नर ने एक्सइएन को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने वार्डो में टीम के माध्यम से जाकर अवैध निर्माण देखें और उनकी रिपोर्ट तैयार कर सौंपे। साथ ही चेताया भी है कि यदि निगम क्षेत्र में कहीं भी नए अवैध निर्माण शुरू हुए तो संबंधित एक्सइएन जवाबदेह होंगे। उधर नगर निगम के उप निगम आयुक्त ने जो बिल्डिंगें अवैध मानते हुए चिह्नित की थीं, वहां निर्माण कार्य पर विराम लगने की बजाय तेजी पकड़ गया है। अब इसे मिलीभगत कहें या अन्य कोई कारण, लेकिन सवाल तो निगम अफसरों की कार्यप्रणाली पर ही उठ रहे हैं।

जिन पर आला अफसरों ने लिया संज्ञान, वहीं निर्माण चढ़ गए सिरे

नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच की हालत ये है कि जिन भी अफसरों को अवैध निर्माण रोकने की जिम्मेदारी सौंपी, उन्हीं के क्षेत्र में बिल्डिंग कोड के नियमों की धज्जियां उड़ती नजर आई। यहीं नहीं नगर सुधार मंडल ने तो सहायक नगर योजनाकार की जिम्मेदारी ऐसे इंजीनियर को सौंपी जिस पर पहले ही बड़े स्तर के भ्रष्टाचार के आरोप लगे हुए हैं। नगर सुधार मंडल के हालात यह हैं कि अफसरों और कर्मचारियों का स्टाफ मौजूद है, बावजूद इसके ऑटो मार्केट सहित उनके क्षेत्र में बड़े स्तर पर बेसमेंट से लेकर कई मंजिला बिल्डिंगें बन गई। यहीं नहीं नगर सुधार मंडल के गेट से चंद कदमों की दूरी पर अवैध निर्माण सिरे चढ़ गए और अफसर मूकदर्शक बने रहे।

कमिश्नर के तेवर तल्ख

नगर निगम कमिश्नर अशोक गर्ग ने सभी एक्सईएन से 6 माह में हुए अवैध निर्माण या निर्माणाधीन बिल्डिंगों की सूची मांगी है, जो नियमों को ताक पर रखकर बन रही हैं। इस कार्य के लिए चार एक्सईएन को 5-5 वार्ड सौंपे गए हैं। कमिश्नर का आदेश मिलते ही निगम अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं शहर के बाजारों में नियमों को ताक पर रखकर निर्माण सिरे चढ़ाने के लिए बिल्डिंग मालिक रात को भी कार्य करवा रहे हैं।

डीएमसी ने 20 की लिस्ट की तैयार, अधिकांश का निर्माण तेज

निगम अफसरों की कार्यप्रणाली कितनी बेहतर है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 6 अगस्त 2020 को नियमों को ताक पर रखकर बन रही 20 बिल्डिंगों की लिस्ट तैयार की गई। इनमें सिरसा से दिल्ली रोड तक की बिल्डिंग शामिल थी। यहां निर्माण रोकने के बजाय न्यू ऋषि नगर क्षेत्र में बनने वाली अवैध दुकानों के तो शटर भी लग गए। -------------

एक्सईएन से अपने-अपने वार्डो में चल रहे निर्माण कार्यो की रिपोर्ट मांगी है। इसके लिए तीन दिन का समय दिया गया है। इसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

- अशोक गर्ग, कमिश्नर, नगर निगम हिसार।

chat bot
आपका साथी