विधायक सोमवीर सांगवान का हरियाणा पशुधन बोर्ड के चेयरमैन पद से इस्‍तीफा, किसान आंदोलन में शामिल होंगे

हरियाणा की दादरी सीट से निर्दलीय विधायक सोमवीर सांगवान ने हरियाणा पशुधन बाेर्ड के चेयरमैन पद से इस्‍तीफा दे दिया है। वह सांगवान खाप के प्रधान हैं और उन्‍होंने इस्‍तीफा किसान आंदोलन में भाग लेने के लिए दिया है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Mon, 30 Nov 2020 03:25 PM (IST) Updated:Mon, 30 Nov 2020 04:49 PM (IST)
विधायक सोमवीर सांगवान का हरियाणा पशुधन बोर्ड के चेयरमैन पद से इस्‍तीफा, किसान आंदोलन में शामिल होंगे
दादरी में सांगवान खाप की सर्वजातीय पंचायत को संबोधित करते सोमवीर सांगवान।

चरखी दादरी, जेएनएन। किसान आंदोलन के कारण हरियाणा के निर्दलीय विधायक सोमवीर सांगवान ने हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है। वह सांगवान खाप चालीस के प्रधान है। उन्‍होंने चरखी दादरी में हुई सांगवान खाप की पंचायत में यह ऐलान किया। सांगवान खाप कल से दिल्‍ली में चल र‍हे किसान आंदोलन में श‍ामिल होगी। सांगवान खाप चालीस हरियाणा की सबसे बड़ी खापाें में मानी जाती है।

सोमबीर सांगवान दादरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। आज दादरी में सांगवान खाप की पंचायत हुई। इसमें फैसला किया गया कि खाप के लोग 1 दिसंबर से किसानों के समर्थन में दिल्ली के लिए कूच करेंगे। उनका नेतृत्‍व खाप के प्रधान सोमवीर सांगवान करेंगे। इसके बाद सोमवीर सांगवान ने हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन पद से इस्तीफा देने  की घोषणा कर दी।

सोमवीर ने कहा विधायक रहते हुए वह भाईचारे के लिए अंतिम सांस तक लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। उन्‍होंने कहा कि उनके लिए किसी भी पद से बड़ा समाज और लोगों का हित है। वह भाईचारे को कायम रखने के लिए सदैव तत्‍पर हैं और हर कदम उठाने को तैयार हैं।

सांगवान खाप की पंचायत में किसानों के आंदोलन के मुद्दे पर चर्चा हुई और फैसला किया गया कि खाप किसान आंदोलन में हिस्‍सा लेगा। खाप के लोग दिल्‍ली में चल रहे किसान आंदोलन में 1 दिसंबर से भाग लेंगे। इसके लिए खाप का जत्‍था सोमवीर सांगवान के नेतृत्‍व में मंगलवार सुबह दिल्‍ली के लिए कूच करेगा। बता दें कि हरियाणा के खापों ने दिल्‍ली में चल रहे किसानों के धरने में शामिल होने का फैसला किया है।

बता द‍ें कि सोमवीर सांगवान को पिछले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने टिकट नहीं दिया था और उनकी जगह दंगल गर्ल बबीता फौगाट को भाजपा का उम्‍मीदवार बनाया गया था। इसके बाद सोमवीर सांगवान निर्दलीय प्रत्‍याशी के तौर पर मैदान में उतरे और बबीता फौगाट को हरा दिया। वह राज्‍य की मनोहरलाल सरकार को समर्थन दे रहे हैं और इसी के पुरस्‍कार स्‍वरूप पिछले दिनों उनको हरियाणा पशुधन बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया था।

किसान आंदोलन को लेकर खापों की बढ़ी सरगर्मियां

सांगवान खाप चालीस की सर्वजातीय पंचायत चरखी दादरी जिले के गांव खेड़ी बूरा के सांगू धाम पर आयोजित की गई। यह पंचायत किसान आंदोलन को समर्थन देने, आंदोलन में भाग लेने के मकसद से कोई निर्णय लेने के लिए बुलाई गई थी। पंचायत में खाप के तहत पड़ने वाले सभी 56 गांवों के सैकड़ों मौजिज लोगों, खाप व खाप के तहत पड़ने वाली कन्नियों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। पंचायत में वक्ताओं ने सरकार द्वारा लागू किए गए कृषि कानूनों, किसान आंदोलन के दौरान सरकार के रवैये को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार पर हमले बोले। वक्ताओं ने साफ तौर पर कहा कि कृषि कानून किसानों के हित में नहीं है।

मुख्यमंत्री को भेजा इस्तीफा

सोमबीर सांगवान ने सर्वजातीय पंचायत के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन पद से अपना त्याग पत्र भेज दिया। उन्होंने त्याग पत्र में कहा है कि वह आंदोलनरत किसानों के समर्थन में अपने चेयरमैन पद से त्याग पत्र दे रहे है। आज पूरे देश की तरह दादरी इलाके के किसान भी अपनी मांगों को लेकर दिल्ली बार्डर पर डटे हुए है।

सोमबीर सांगवान ने कहा कि इस विकट समय में किसानों को सहयोग देना, उनका समर्थन करना उनकी प्राथमिकता है। उन्हें पूरी तरह से समर्थन देने का फैसला उन्होंने अपनी अंतर आत्मा की आवाज से किया है। मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए अपने त्याग पत्र में सोमबीर ने कहा है कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि वह इस पूरी परिस्थिति को समझेंगे और इस निर्णय को स्वीकार करेंगे।  

chat bot
आपका साथी