Misdeed in Kisan andolan: अनूप चानौत और अंकुर सांगवान की बढ़ीं मुश्किलें, 25-25 हजार के इनाम घोषित

बहादुरगढ़ में बंगाल की युवती से दुष्कर्म हुआ था। उसकी कोरोना से बाद में मौत हो गई थी। एक आरोपित अनिल मलिक गिरफ्तार हो चुका है। अनूप चानौत और अंकुर सांगवान फरार हैं। उनकी अग्रिम जमानत याचिकाएं भी खारिज हो चुकी हैं।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Thu, 08 Jul 2021 06:25 PM (IST) Updated:Thu, 08 Jul 2021 06:25 PM (IST)
Misdeed in Kisan andolan: अनूप चानौत और अंकुर सांगवान की बढ़ीं मुश्किलें, 25-25 हजार के इनाम घोषित
बंगाल की युवती से दुष्कर्म के आरोपित अनूप चानौत और अंकुर सांगवान।

जागरण संवाददाता, झज्जर। टीकरी बॉर्डर पर किसान आदोलन में शामिल होने आई पश्चिम बंगाल की युवती से दुष्कर्म के मामले में अति वांछित अनूप चानौत और अंकुर सांगवान पर 25-25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। झज्जर के एसपी राजेश दुग्गल ने यह घोषणा की है। आरोपितों के संबंध में पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की जाएगी।

एसपी राजेश दुग्गल ने बताया कि इस संबंध में 9 मई 2021 को थाना शहर बहादुरगढ़ में आपराधिक मामला दर्ज किया गया था। आंदोलन के समर्थन में पश्चिम बंगाल से आई एक युवती के साथ छेड़खानी व दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया था। मामले की गहनता से जांच पड़ताल तथा आरोपितों की धरपकड़ के लिए एसआइटी का गठन किया गया था। 11 अप्रैल 2021 को पीड़िता पांच व्यक्तियों अनिल मलिक, जगदीश बराड़, अंकुर सांगवान, अनूप चानौत व एक महिला के साथ पश्चिम बंगाल से चली थी। मृतका के पिता ने एसआइटी को बताया था कि उनकी बेटी अनूप चानौत व अनिल मलिक के साथ उनके टेंट में रही थी। यहां पर उसके साथ छेड़खानी व दुष्कर्म किया गया। उसने उन्हें सारी बात बताई थी। युवती की 30 अप्रैल को बहादुरगढ के एक प्राइवेट हस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

20 से अधिक लोगों से की थी पूछताछ

एसआइटी ने  घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम के साथ निरीक्षण किया था। गवाहों के बयान अंकित किए थे। जांच में 20 से अधिक व्यक्तियों, जिनका उपरोक्त मामले से किसी न किसी प्रकार से सम्बध था, को शामिल किया गया। उपरोक्त सभी व्यक्तियों ने भी पूछताछ के दौरान माना था कि अनिल मलिक, अनूप चानौत व अन्य आरोपितों ने मृतका के साथ छेड़खानी व दुष्कर्म किया था। अनिल मलिक निवासी नौरंगाबाद जाटान, अनूप चानौत निवासी गांव चिनौत जिला हिसार और अंकुर सिंह निवासी गांव मंदोला जिला चरखी दादरी को पकड़ने के लिए एसआइटी ने दबिश दी थी। अनिल मलिक को एसआइटी ने गिरफ्तार कर लिया था। अनूप चानौत तथा अंकुर सांगवान की अग्रिम जमानत याचिकाएं भी खारिज हो चुकी हैं। 

इन नंबरों पर दें आरोपितों के बारे में सूचना

एसपी राजेश दुग्गल ने बताया कि उपरोक्त दोनों आरोपितों को पकड़ने के लिए एसआइटी द्वारा हर संभव कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उपरोक्त आरोपितों को पकड़वाने में यदि कोई व्यक्ति पुख्ता सूचना देकर स्थानीय पुलिस की मदद करता है, तो उसे डीजीपी हरियाणा द्वारा घोषित 25-5 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। जानकारी मुहैया कराने वाले व्यक्ति की पहचान तथा नाम व पता गुप्त रखा जाएगा। आरोपितों के संबंध में कोई भी सूचना मोबाइल नंबर 8930500602,  8930500609, 8930500650 अथवा  8930500677 पर दी जा सकती है।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी