बहादुरगढ़ में शिक्षा विभाग के एपीसी से पौने दो लाख की सोने की चेन झपट ले गए बदमाश

असिस्टेंट प्रोजेक्ट काेर्डिनेटर के पद पर कार्यरत अमित दलाल से सोमवार सुबह बाइक सवार दो बदमाश पौने दो लाख कीमत की सोने की चेन झपट ले गए। वारदात सेक्टर-नौ में हुई। शोर मचने पर आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की मगर वे भागने में सफल रहे।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 05:18 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 05:18 PM (IST)
बहादुरगढ़ में शिक्षा विभाग के एपीसी से पौने दो लाख की सोने की चेन झपट ले गए बदमाश
बहादुरगढ़ में सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : शिक्षा विभाग में एपीसी (असिस्टेंट प्रोजेक्ट काेर्डिनेटर) के पद पर कार्यरत अमित दलाल से सोमवार सुबह बाइक सवार दो बदमाश पौने दो लाख कीमत की सोने की चेन झपट ले गए। वारदात सेक्टर-नौ में हुई। शोर मचने पर आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, मगर वे भागने में सफल रहे। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। अभी बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया है। सेक्टर-नौ निवासी अमित दलाल सोमवार सुबह अपने बेटे के साथ जिमखाना रोड पर सैर के लिए गए थे।

जब वे सड़क किनारे जा रहे थे, तब पीछे से एक बदमाश कुछ कदम दूर से पैदल आया और उनके गले से चेन झपटकर तुरंत भागकर अपने साथी की बाइक पर सवार हो गया। वहां से वे भागे तो अमित ने शोर मचाया। कुछ दूरी पर सैर कर रहे एक युवक ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की मगर वे हाथ नहीं आए। अमित ने बताया कि उनका बेटा दौड़ लगा रहा था, तो उनका ध्यान उस तरफ था। इसी बीच पीछे से ऐसा लगा जैसे किसी अपने ने कमर पर गर्दन के पास थपकी दी। इस पर पीछे मुड़े तो चेन झपटमार बाइक की तरफ भाग रहा था। चेन टूटने का अहसास उन्हें तब हुआ जब वह झपटकर बाइक पर सवार हो गया।

इसके बाद वे बाइक की तरफ दौड़े मगर अगले ही पल उन्होंने बाइक भगा दी। बदमाशों के पास बिना नंबर की काले रंग की पल्सर थी। जो बाइक चला रहा था, उसने काेई मास्क या हेलमेट नहीं पहना था। उसकी उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच है। जबकि चेन झपटने वाले की उम्र 20 साल के आसपास है। उसने मास्क लगाया हुआ था। अमित ने बताया कि उन्होंने टी शर्ट पहनी हुई थी। ऐसे में पीछे से तो चेन नजर नहीं आ रहा थी। शक है कि पहले तो झपटमारों ने उनकी रेकी की। जब उन्हें चेन दिखी, तब मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। उनकी चेन साढ़े तीन तौले की थी। इसकी कीमत लगभग पौने दो लाख है।

हो चुकी हैं कई वारदात:

क्षेत्र में चेन झपटने की हाल ही में कई वारदात हो चुकी हैं। पिछले दिनों सेक्टर-छह में पति के साथ सैर पर निकली महिला के गले से बदमाश सोने की चेन झपट ले गए थे। कुछ समय पहले सेक्टर-नौ में जिमखाना क्लब के पास ही अपनी सास के साथ सैर पर निकली महिला से भी बदमाशों ने चेन झपट ली थी।

..

केस दर्ज कर लिया गया है। छानबीन में टीम जुटी हुई है। जल्द ही सुराग लगाया जाएगा।

--विजय कुमार, एसएचओ, शहर थाना, बहादुरगढ़

chat bot
आपका साथी