Rohtak News: विदाई के वक्‍त हुए दुल्हन गोलीकांड के मामले में सांपला शहर में कराया बाजार बंद

दुल्हन गोली कांड के मामले में पूर्व घोषणा के अनुसार सांपला में बाजार और मंडी बंद करा दिए गए हैं। रविवार को ग्रामीणों ने पंचायत कर ऐलान किया था कि विरोध में सोमवार सुबह 10 से शाम चार बजे तक सांपला का मुख्य बाजार और मंडी को बंद रखा जाएगा।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 12:23 PM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 12:23 PM (IST)
Rohtak News: विदाई के वक्‍त हुए दुल्हन गोलीकांड के मामले में सांपला शहर में कराया बाजार बंद
भाली आनंदपुर गांव के बाहर दुल्हन को गोली मारने का मामले में सांपला में बाजार किए बंद

जागरण संवाददाता, रोहतक : भाली आनंदपुर गांव के पास हुए दुल्हन गोली कांड के मामले में पूर्व घोषणा के अनुसार सांपला में बाजार और मंडी बंद करा दिए गए हैं। रविवार को ग्रामीणों ने पंचायत कर ऐलान किया था कि वारदात के विरोध में सोमवार सुबह 10 से शाम चार बजे तक सांपला का मुख्य बाजार और मंडी को बंद रखा जाएगा। सुबह 10 बजते ही ग्रामीणों ने व्यापारियों के साथ मिलकर बाजार को बंद कराना शुरू कर दिया था। हालांकि कुछ व्यापारी दुकान खोलकर बैठे थे। उन्हें भी समझाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि जिस तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया गया है वह बेहद निंदनीय है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

इसके अलावा दोपहर बाद पंचायत का भी आह्वान किया गया, जिसमें पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद को लेकर मंथन किया गया। सांपला में चार गांव की पंचायत हुई, जिसमें आरोपित साहिल के परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने की बात रखी गई। आरोपित धर्म विशेष से है। जिससे अब विरोध बढ़ने लगा है। दरअसल, दुल्हन तनिष्का के परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वह किसी बड़े अस्पताल में ले जाकर उसका उपचार करा सके। हालांकि रविवार को रोहतक में सेक्टरवासियों ने इकट्ठा होकर 25 हजार रुपये जमा किए थे, जो तनिष्का या उसके पिता के खाते में डाले जाएंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से भी पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की है।

यह था मामला

सांपला की रहने वाली तनिष्का की शादी बुधवार को भाली आनंदपुर गांव निवासी मोहन के साथ हुई थी। रात के समय विदाई के बाद दुल्हन अपनी ससुराल जा रही थी। भाली आनंदपुर गांव के बाहर पहुंचते ही इनोवा कार सवार आरोपितों ने दुल्हन की गाड़ी को ओवरटेक कर रूकवा लिया था। इसके बाद आरोपितों ने दूल्हे और अन्य रिश्तेदारों को गन प्वाइंट पर लेकर गाड़ी से बाहर निकाल लिया था। आरोपितों ने गाड़ी में बैठी तनिष्का को कई गोली मार दी थी। तनिष्का का तभी से पीजीआइएमएस में उपचार चल रहा है। इस मामले मेें मुख्य आरोपित साहिल समेत दो नाबालिग आरोपित पकड़े जा चुके हैं। दो अन्य आरोपितों को पुलिस ने हिरासत में ले रखा है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।

chat bot
आपका साथी