लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक का अपहरण, पुलिस ने दिल्ली से किया बरामद, तीन गिरफ्तार

चरखी दादरी से अनोखा मामला सामने आया है। यहां महिला के साथ लिव-इन में रह रहे युवक को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया। युवक के जीजा को फोन कर कहा कि पहले महिला तो झज्जर भेजो। फिर युवक को रिहा करेंगे।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 05:08 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 05:08 PM (IST)
लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक का अपहरण, पुलिस ने दिल्ली से किया बरामद, तीन गिरफ्तार
चऱखी दादरी पुलिस द्वारा दिल्ली से गिरफ्तार किए गए अपहरण के आरोपित।

चरखी दादरी, जेएनएन। चरखी दादरी जिले के गांव महराणा में अपनी बहन के घर एक महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक का कुछ लोग शुक्रवार को अपहरण कर ले गए। पीड़ित युवक के जीजा की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया था। वहीं इस मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए सदर थाना पुलिस ने दिल्ली से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। अपह्रत युवक को भी दिल्ली से बरामद कर लिया है।

गांव महराणा निवासी दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि झज्जर जिले के गांव बिरोहड़ निवासी उसका साला अमित दिल्ली निवासी एक महिला के साथ 15 जून से उनके घर गांव महराणा में लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। दीपक ने बताया कि शुक्रवार को वह अपनी पत्नी व दिल्ली निवासी उक्त महिला के साथ खरीदारी करने के लिए दादरी आ गया था। शाम करीब छह बजे जब वे वापस गांव महराणा पहुंचे तो घर के दरवाजे खुले हुए थे तथा अमित घर पर नहीं था। उन्होंने आस-पड़ोस में बात की तो पता चला कि गाड़ियों में सवार होकर आए कुछ लोग अमित का अपहरण कर ले गए।

युवती के भाई का आया फोन

दीपक ने बताया कि कुछ देर बाद उक्त महिला के भाई का उनके पास फोन आया। उसने कहा कि उसकी बहन को झज्जर जिले के गांव ग्वालिसन में लेकर आ जाएं। उसके बाद अमित को छोड़ा जाएगा। इसके बाद दीपक ने घटना की जानकारी दादरी सदर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

तीन आरोपित गिरफ्तार

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दादरी सदर थाना पुलिस टीम ने दिल्ली के गांव छावला से ग्लेंजा कार सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपितों की पहचान दिल्ली के छावला निवासी संदीप, राहुल व संजीव के रूप में हुई है। पुलिस ने वहीं से पीड़ित युवक अमित को भी बरामद किया है। आरोपितों द्वारा पीड़ित अमित की पिटाई की गई थी। उसे उपचार के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस आरोपितों से गहनता से पूछताछ कर रही है।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी