सिरसा में परिवार को बंधक बनाकर लूट, लोगों ने एक बदमाश पकड़ा, हमला कर छुड़ा ले गए साथी

सिरसा के डबवाली में अति व्यस्त कालोनी रोड पर दिनदहाड़े लूट। लोग पुलिस की मदद के लिए 112 डायल करते रहे। पुलिस समय पर नहीं पहुंची। पकड़े गए बदमाश के साथी वापस लौटे। लोगों पर हमला कर उसे छुड़ा ले गए।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Fri, 13 Aug 2021 06:57 PM (IST) Updated:Fri, 13 Aug 2021 06:57 PM (IST)
सिरसा में परिवार को बंधक बनाकर लूट, लोगों ने एक बदमाश पकड़ा, हमला कर छुड़ा ले गए साथी
सिरसा के डबवाली में लूट के बारे में जानकारी देती महिला।

जागरण संवाददाता, सिरसा। सिरसा में दिनदिहाड़े डबवाली के सबसे व्यस्त कालोनी रोड पर लूटपाट हुई। शाम करीब तीन बजे तेजधार हथियार, असला से लैस पांच बदमाश गली विकास माडल हाई स्कूल वाली में स्थित एक घर में घुस गए। मारपीट करते हुए परिवार को बंधक बना लिया। अलमारी में रखे 50 हजार रुपये लूट लिए। दो मोबाइल तथा करीब चार तोले सोने के आभूषण छीन लिए।

बदमाश दो बाइक पर सवार होकर आए थे। भागते समय बाइक स्टार्ट नहीं हुआ तो परिजनों ने उसे पकड़कर शोर मचा दिया। गली के लोग घरों से बाहर निकले। लोगों को देखकर आरोपित कालोनी रोड की ओर फरार हो गया और पकड़ा गया। लोगों ने उसे खूब धुना। इसी दौरान उसके साथी चार बदमाश वापस लौटे। तेजधार हथियारों से हमला करके कालोनी रोड पर फोटो स्टेट की दुकान चलाने वाले युवक जगजीत को घायल कर दिया। सरेआम तेजधार हथियार लहराते हुए बदमाश साथी को लेकर गुरुद्वारा गुरुनानक दरबार ट्रस्ट की ओर फरार हो गए। जबकि बिना नंबर की खराब बाइक वहीं छोड़ गए। वारदात की सूचना देने के करीब आधा घंटा बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
बिजेंद्रा फिलिंग स्टेशन पर मैनेजर हैं चिंकी
गांव डूमवाली स्थित बिजेंद्रा फिलिंग स्टेशन पर मैनेजर तैनात चिंकी सभ्रवाल ने बताया कि वह भोजन करने घर आया था। मां कृष्णा देवी, बहन नीलम, ज्योति के साथ बैठकर खाना खा रहा था। वीडियो एडिटिंग का कार्य करने वाला उसका भाई बबलू उर्फ सुमित घर की प्रथम मंजिल पर बैठा हुआ था। मुंह ढके कुछ बदमाश घर के भीतर घुसे। तीन के पास तलवार, दो के पास रिवाल्वर थे। उसकी बहनों को कमरे में बंद कर दिया। उससे मारपीट करते हुए मोबाइल छीन लिए। पैसे तथा अन्य आभूषण लूट लिए।
पंजाबी भाषा बोल रहे थे बदमाश
ज्योति ने सूचना बबलू को दी तो उसने बालकनी से शोर मचा दिया। शोर सुनकर बदमाश घर से बाहर भाग गए। पांचों बदमाश पंजाबी भाषा बोल रहे थे। मारपीट के कारण चिंकी के चोट आई। उपचार के लिए उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। चिंकी के अनुसार उसकी बहन नीलम की सगाई हो चुकी है। दीपावली के बाद शादी है। वे उसकी शादी के लिए सामान इकट्ठा कर रहे थे।
112 नंबर पर फोन करते रहे लोग
शोर सुनकर घर से बाहर निकले युवक ने बदमाशों को भागते देख 112 नंबर पर फोन किया। पुलिस नहीं पहुंची तो दूसरी बार काल की। इसके बावजूद पुलिस नहीं आई। पुलिस पीसीआर ने युवक को काल करके पता पूछा। इसके बाद शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र तथा सीआइए डबवाली मौका पर पहुंची। तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस ने बदमाशों का बाइक कब्जे में कर लिया। लोगों के अनुसार पुलिस दिन भर चालान काटती है। इसके बावजूद मुंह ढांपे बदमाश रिवाल्वर, हथियारों के साथ बिना नंबर की बाइक पर आते हैं। वारदात करके आराम से फरार हो जाते है।
घायल के बयान के आधार पर की जाएगी कार्रवाई
शहर थाना डबवाली प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र ने कहा कि घायल चिंकी के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। बदमाश जो बाइक छोड़कर गए थे, उसे बरामद किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
 
हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
 
chat bot
आपका साथी