दिल्ली में लॉकडाउन से बहादुरगढ़ की 90 फीसद फैक्ट्रियों में 50 फीसद से कम हुआ उत्पादन

बहादुरगढ़ में काफी संख्या में फैक्ट्रियां बंद हो गई हैं। जिनमें अब काम चल रहा है वो तीन शिफ्ट की बजाय अब एक शिफ्ट में काम कर रही हैं। कामगारों की वापसी अगर ऐसे ही जारी रही तो यहां की सभी फैक्ट्रियां बंदी के कगार पर पहुंच जाएंगी

By Manoj KumarEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 12:27 PM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 12:27 PM (IST)
दिल्ली में लॉकडाउन से बहादुरगढ़ की 90 फीसद फैक्ट्रियों में 50 फीसद से कम हुआ उत्पादन
कामगारों की वापसी और कच्चा माल न आने की वजह से बहादुरगढ़ में कई फैक्ट्रियां हुई बंद

बहादुरगढ़, जेएनएन। दिल्ली में एक सप्ताह का लॉकडाउन होने से बहादुरगढ़ की फैक्ट्रियों को कच्चा माल नहीं मिल रहा है। ऐसे में यहां की आवश्यक सेवाओं व मेडिकल सेवा से जुड़ी फैक्ट्रियों को छोड़ दें तो करीब 90 फीसद फैक्ट्रियों में 50 फीसद उत्पादन कम हो गया है। काफी संख्या में फैक्ट्रियां बंद हो गई हैं। जिनमें अब काम चल रहा है, वो तीन शिफ्ट की बजाय अब एक शिफ्ट में काम कर रही हैं। कामगारों की वापसी अगर ऐसे ही जारी रही तो यहां की सभी फैक्ट्रियां बंदी के कगार पर पहुंच जाएंगी। एक साल पहले कोरोना महामारी और फिर आंदोलन की वजह से पहले ही यहां की फैक्ट्रियां नुकसान की मार झेल रही थीं। अब फिर से कोरोना लॉकडाउन के कारण दिल्ली से माल न आने और जा पाने की वजह से फैक्ट्रियों को काफी नुकसान होने का अनुमान है।

फैक्ट्रियों में कराया सैनिटाइजर का स्प्रे:

हरियाणा राज्य औद्योगिक संरचना विकास निगम की ओर से फैक्ट्रियों में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए सैनिटाइजर का स्प्रे करना शुरू कर दिया है। यहां पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर सैनिटाइजर का स्प्रे किया जा रहा है। अब जहां-जहां जरूरत होगी वहां पर सैनिटाइजर का स्प्रे किया जाएगा।

हरियाणा में नहीं लॉकडाउन, कामगारों को रोकने के लिए कर रहे काउंसलिंग: नरेंद्र

बहादुरगढ़ फुटवियर पार्क एसोसिएशन के वरिष्ठ उपप्रधान नरेंद्र छिकारा ने बताया कि कामगारों की वापसी का सिलसिला तेज हो गया है। हालांकि हरियाणा में लॉकडाउन नहीं लगा है लेकिन कामगारों में भय का माहौल बन गया है। फिलहाल बसें व रेल चल रही हैं, मगर लॉकडाउन पूरे देश में लगा तो कहीं पैदल ना जाना पड़े, इसीलिए कामगार घर जा रहे हैं। उन्हें रोकने के लिए सभी फैक्ट्री मालिक काउंसलिंग कर रहे हैं लेकिन इसका असर नहीं हो रहा है।

अधिकांश कामगार चले गए, इसलिए फैक्ट्री कर दी बंद:जैन

कॉम्बिट शूज के मालिक पवन जैन ने बताया कि उनकी फैक्ट्री के अधिकांश कामगार घर लौट गए हैं। कुछ जाने की तैयारी कर रहे हैं। सात तारीख को तनख्वाह दी थी। अब अपना हिसाब किताब पूरा कर लिया। दूसरा बहादुरगढ़ में दिल्ली से कच्चा माल नहीं आ पा रहा है। इस कारण हमने अपनी फैक्ट्री ही बंद कर दी।

दिल्ली से आते थे 30 फीसद कर्मचारी, अब नहीं आ पा रहे, 40 फीसद उत्पादन हुआ कम: वरिंद्र

रिलेक्सो कंपनी के वाइस प्रेजिडेंट वरिेंद्र कुमार ने बताया कि 30 फीसद कर्मचारी व अधिकारी दिल्ली से आते थे। लॉकडाउन के कारण अब वो आ नहीं पा रहे हैं। मैं खुद ही घर पर रहता हूं। ऐसे में उनकी सभी फैक्ट्रियों में 40 फीसद उत्पादन कम हो गया है।

chat bot
आपका साथी