Destitute Animal In Hisar: पशु पकड़ो अभियान में संसाधनों का अभाव, बार बार खराब हो रहे हैं वाहन
हिसार में पशु पकड़ो अभियान में संसाधनों का अभाव बाधा बन रहा है। नगर निगम के पास एक ही हाइड्रोलिक सिस्टम वाला वाहन है जिसमें बेसहारा पशु पकड़े जाते है। टीम अभियान के लिए संसाधनों का बंदोबस्त भी नहीं कर पाया है।
हिसार, जागरण संवाददाता। हिसार में पशु पकड़ो अभियान में संसाधनों का अभाव बाधा बन रहा है। पिछले तीन दिन में दो बार गाड़ी का हाइड्रोलिक सिस्टम खराब हो चुका है। ऐसे में मंगलवार को तो टीम ने हाइड्रोलिक सिस्टम खराब होने के कारण एक भी पशु नहीं पकड़ा। वहीं बुधवार को भी एक बार हाइड्रोलिक सिस्टम खराब हो गया था। हालांकि दोपहर तक उसे ठीक करवा लिया था। इसके बाद टीम ने 23 बेसहारा पशुओं को पकड़ा। ऐसे में बार बार हाइड्रोलिक सिस्टम में आ रही खराबी अभियान में रुकवाट पैदा हो रही है। उधर अभियान के फिर से शुरु होने के बावजूद आज तक निगम टीम अभियान के लिए संसाधनों का बंदोबस्त भी नहीं कर पाया है।
निगम की गाड़ी हो चुकी है खराब
नगर निगम के पास एक ही हाइड्रोलिक सिस्टम वाला वाहन है जिसमें बेसहारा पशु पकड़े जाते है। इसका भी पूर्व में पशु पकड़ो अभियान के दौरान हाइड्रोलिक सिस्टम खराब हो चुका है। ऐसे में उस वाहन के माध्यम से गोअभयारण्य तक पशु छोड़कर आना भी संभव नहीं रहा है। ऐसे में वह गाड़ी पशु पकड़ो अभियान के लिए कंडम हो चुकी है।
लंबे समय से वाहन में आ रही थी खराबी, प्रशासन मौन
निगम स्टाफ की माने तो एक बार नहीं बल्कि कई बार पशु पकड़ने वाली टीम के हाइड्रोलिक सिस्टम या अन्य पार्ट में खराबी आ चुकी है। ऐसे में शहर को बेसहारा पशु से मुक्त करने के लिए अभियान शुरु करने से पहले ही निगम को बेहतर वाहन का प्रबंध करना था। लेकिन निगम अफसरों ने ऐसा नहीं किया। ऐसे में शहर को बेसहारा पशु मुक्त करने के अभियान के प्रति वे कितने सजग और कितनी बेहतर प्लानिंग की है इसका अंदाजा मौजूदा स्थिति से लगाया जा सकता है।
निगम के जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई हो तो सड़कों से हट जाएंगे पशु
गोसेवा हेल्पलाइन समिति के प्रधान सीताराम सिंगल कहा कि शहर की सड़कों पर बेसहारा पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। आज भी हजारों की संख्या में शहर की सड़कों पर बेसहारा पशु है। दिल्ली रोड, सेक्टरों के क्षेत्र से लेकर गलियाें तक में बेसहारा पशु काफी संख्या में देखे जा सकते है। शहर की सड़के बेसहारा पशुओं से तभी मुक्त हो सकती है जब अफसरों की सरकार जिम्मेदारी तय करे और अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाने वाले अफसरों पर संज्ञान लेते हुए सख्त कारवाई करें।
नगर निगम हिसार पशु पकड़ो अभियान के इंजार्च देवेंद्र बिश्नोई ने बताया कि मंगाली से मंगवाई गए वाहन का हाइड्रोलिक सिस्टम खराब हो गया था। इसी कारण एक दिन पशु नहीं पकड़ पाए थे। अब ठीक करवा लिया है निगम टीम पशु पकड़ रही है।