Kisan andolan: रोहतक के महम पहुंचे राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा, किसानों ने किया जमकर विरोध

दीपावली मिलन समारोह में शिरकत करने पहुंचे राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा को किसानों का विराेध झेलना पड़ा। किसानों को हालांकि कार्यक्रम स्थल में घु़सने से पहले ही पुलिस ने रोक लिया। किसानों व पुलिस के बीच कार्यक्रम खत्म होने तक तनातनी बनी रही।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Thu, 04 Nov 2021 12:16 PM (IST) Updated:Thu, 04 Nov 2021 12:16 PM (IST)
Kisan andolan: रोहतक के महम पहुंचे राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा, किसानों ने किया जमकर विरोध
दीपावली मिलन समारोह में पहुंचे हैं रास सदस्य जांगड़ा, बड़ी संख्या में किसान जुटे, बैरिकेड तोड़ने का किया प्रयास

जागरण संवाददाता, रोहतक : महम की श्रीकृष्ण गोशाला में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शिरकत करने पहुंचे राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा को किसानों का विराेध झेलना पड़ा। किसानों को हालांकि कार्यक्रम स्थल में घु़सने से पहले ही पुलिस ने रोक लिया। किसानों व पुलिस के बीच कार्यक्रम खत्म होने तक तनातनी बनी रही।

महम के जुलाना रोड स्थित श्रीकृष्ण गोशाला में बृहस्पतिवार को दीपावली मिलन समारोह आयाेजित किया गया था। जिसमें राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा बतौर मुख्यातिथि व श्मशेर खरकड़ा बतौर अध्यक्ष कार्यक्रम में आमंत्रित किए गए थे। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं के आगमन की सूचना पर चढूनी यूनियन ने बुधवार को ही वीडियो वायरल कर विरोध करने का ऐलान किया था।

जिसके बाद से प्रशासन अलर्ट हो गया। बृहस्पतिवार को अलसुबह ही पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के दोनों तरफ बैरीकेड लगाकर उन्हें रोकने का प्रबंध कर लिया। वहीं किसान भी सुबह दस बजे ही कार्यक्रम स्थल पर जुटना शुरु हो गए। 11 बजे तक करीब 100 से अधिक किसान व महिलाएं मौेके पर पहुंच गए। सवा 11 बजे के करीब राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा व श्मशेर खरकड़ा किसानों को चकमा देने के लिए गाड़ी बदल कर कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए।

जब किसानों को पता लगा तो किसानों ने बैरीकेड तोड़ने का प्रयास किया तो पुलिस के साथ हल्की झड़प भी हुई। हालांकि पुलिस ने सड़क पर बस अड़ाकर उन्हें रोक लिया। प्रदर्शनकारी किसानाें का नेतृत्व कर रहे भाकियू चढूनी के प्रदेशाध्यक्ष अंकुश सिवाच को डीएसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने समझाने का प्रयास किया लेकिन वे अपनी जिद पर अड़े रहे व राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा के जाने तक विरोध जारी रखने की बात कही।

धार्मिक कार्यक्रम में लेंगे हिससा: जांगड़ा

राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि क्षेत्र के लोग उन्हें आदर के साथ धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए न्यौता देते हैं तो वे जरुर आएंगें। उन्हाेंने कहा कि वे चंद लोगों के रोकने से रुकने वाले नहीं हैं।

chat bot
आपका साथी