राजनीतिक जंग में तब्दील होता जा रहा किसान आंदोलन, चुनावी राज्यों का रुख कर रहा संयुक्त मोर्चा

टीकरी बॉर्डर के मंच से संयुक्त मोर्चा के सदस्य एवं पंजाब के वरिष्ठ नेता नेता बलबीर राजेवाल ने चेतावनी दी कि या तो सरकार हमारी मांगे पूरी करे वरना हमें उन सभी राज्यों से बुलावा आ रहा है जिनमें हाल ही में चुनाव होने जा रहे हैं।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 08:07 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 08:07 PM (IST)
राजनीतिक जंग में तब्दील होता जा रहा किसान आंदोलन, चुनावी राज्यों का रुख कर रहा संयुक्त मोर्चा
संयुक्त मोर्चा के नेता पश्चिम बंगाल का रुख कर रहे हैं।

बहादुरगढ़, जेएनएन। कृषि कानूनों के विरोध में शुरू हुआ आंदोलन अब धीरे-धीरे राजनीतिक जंग में तब्दील होता जा रहा है। संयुक्त मोर्चा के नेताओं की ओर से पश्चिम बंगाल का रुख किया जा रहा है। चार मार्च को कोलकाता में लेखकों, कवियों और छात्र कार्यकर्ताओं की रैली में संयुक्त मोर्चा के नेता भी शामिल होंगे और भाजपा को हराने का आह्वान करेंगे।

इधर, टीकरी बॉर्डर के मंच से संयुक्त मोर्चा के सदस्य एवं पंजाब के वरिष्ठ नेता नेता बलबीर राजेवाल ने चेतावनी दी कि या तो सरकार हमारी मांगे पूरी करे, वरना हमें उन सभी राज्यों से बुलावा आ रहा है जिनमें हाल ही में चुनाव होने जा रहे हैं। पश्चिमी बंगाल, केरल, तमिलनाडु में अगर हम जाएंगे तो एक ही बात कहेंगे कि भाजपा को वोट मत देना, किसी को भी दे देना। इसलिए समय रहते सरकार हमारी मांग मान ले। जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होती, तब तक हम वापस जाने वाले नहीं है। यदि सरकार यह सोच रही है कि फसल का सीजन आ गया है तो किसान चले जाएंगे। यह सरकार की गलतफहमी है।

चलो कोलकाता चलो का दिया नारा

वहीं संयुक्त मोर्चा के सदस्य एवं पंजाब की कीर्ति किसान यूनियन के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह दीप सिंहवाला ने यहां जारी एक बयान में कहा कि सत्तारुढ़ भाजपा कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संघर्ष की अनदेखी कर रही है। अब पश्चिम बंगाल के लेखकों, कवियों, किसानों, छात्र कार्यकर्ताओं ने चार मार्च को कोलकाता में एक रैली का आयोजन किया है। चलो कोलकाता चलो के नारे के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसका मकसद है कि अब पश्चिम बंगाल में भाजपा को सत्ता में नहीं आने दिया जाना चाहिए। संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं को पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में भाजपा को हराने के लिए बुला लिया है।

chat bot
आपका साथी