Kisan andolan: हरियाणा संयुक्त किसान मोर्चा ने किया पंचायती चुनाव का बहिष्कार, बनाई यह रणनीति
हरियाणा संयुक्त किसान मोर्चा ने पंचायती चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया है। टीकरी बॉर्डर पर हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। कहा कि आंदोलन को कमजोर करने के लिए चुनाव की तैयारियां की जा रही हैं। मांगें पूरी न होने तक चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
बहादुरगढ़, जेएनएन। टीकरी बॉर्डर पर हरियाणा संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्यों की एक बैठक हुई। इसमें पंचायत चुनाव के बहिष्कार का फैसला किया गया। इसकी अध्यक्षता रवींद्र मुरथल द्वारा की गई।
आंदोलन को तोड़ने के लिए कराए जा रहे चुनाव
उन्होंने आरोप लगाया कि उप मुख्यमंत्री द्वारा आंदोलन में किसानों की संख्या तोड़ने और मुख्य मुद्दों से भटकाने के लिए प्रदेश में पंचायती चुनाव की तैयारियां कर दी हैं। किसानों की मांगें मंजूर नहीं होने तक पंचायती चुनाव का संपूर्ण हरियाणा में बहिष्कार रहेगा। सरकार के साथ वार्ता कमेटी में सदस्यों की कटौती नहीं की जाएगी। आंदोलन को बड़ा करने के लिए गन्ना उत्पादकों की बकाया राशि के साथ अन्य मुद्दाें को भी जोड़ा जाएगा। राम मंदिर ट्रस्ट मामले की सीबीआइ जांच की मांग भी उठी।