कुख्यात काला जठेड़ी गैंग का शार्प शूटर दो साथियों समेत गिरफ्तार

रोहतक एसटीएफ की टीम ने ईस्माइला गांव के पास से मुठभेड़ के दौरान किए गिरफ्तार। राहगीरों से लूट के इरादे से खड़े थे तीनों बदमाश भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद

By Manoj KumarEdited By: Publish:Thu, 27 Feb 2020 05:23 PM (IST) Updated:Thu, 27 Feb 2020 05:23 PM (IST)
कुख्यात काला जठेड़ी गैंग का शार्प शूटर दो साथियों समेत गिरफ्तार
कुख्यात काला जठेड़ी गैंग का शार्प शूटर दो साथियों समेत गिरफ्तार

रोहतक, जेएनएन। रोहतक एसटीएफ की टीम ने ईस्माइला गांव के पास से कुख्यात काला जठेड़ी गैंग के शार्प शूटर समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों से पूछताछ के बाद हत्या और लूट की कई वारदातों का खुलासा हुआ है। एसटीएफ इंस्पेक्टर संदीप धनखड़ ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि ईस्माइला गांव के पास कुछ बदमाश राहगीरों से लूट के इरादे से खड़े हैं। इस पर उनकी टीम ने घेराबंदी कर तीन बदमाशों को पकड़ लिया। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करने का भी प्रयास किया, लेकिन वह हत्थे चढ़ गए।

पूछताछ में आरोपितों की पहचान सोनीपत जिले के नैणाततारपुर निवासी कप्तान, विनोद और सोनीपत के जठेड़ी गांव निवासी पवन उर्फ सोनू के रूप में हुई। आरोपित कप्तान काला जठेड़ी गैंग का शार्प शूटर है, जो कई मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस को काफी समय से उसकी तलाश थी। आरोपितों के पास से चार पिस्तोल, 15 कारतूस और कार बरामद हुई है।  आरोपितों के खिलाफ सांपला थाने में मामला दर्ज कराया गया है। आरोपित पवन उर्फ सोनू का आपराधिक रिकार्ड नहीं है।

इन वारदातों में वांछित था शार्प शूटर कप्तान

1. आरोपित कप्तान ने इसी माह फरीदाबाद में पुलिस टीम पर हमला कर कुख्या आरोपित संदीप उर्फ काला निवासी जठेड़ी को छुड़वाया था। इसमें उसके कई साथी भी शामिल थे। आरोपित के खिलाफ फरीदाबाद के धौज थाने में मामला दर्ज है।

2. इसी माह आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर फरीदाबाद के पाली गांव में अजीत नाम के व्यक्ति को गोली मारी और उसकी गाड़ी लूटकर फरार हो गए थे। यह मामला डबुआ थाने में दर्ज है।

3. फरीदाबाद पुलिस ने इसी माह आरोपित को मुठभेड़ के दौरान पकडऩे का प्रयास किया था, लेकिन वह साथियों समेत भागने में कामयाब हो गया था। यह मामला भी डबुआ थाने में दर्ज है।

4. वर्ष 2018 में आरोपित सिरसा जेल से 14 दिन के पैरोल पर आया था। इसके बाद वापस नहीं गया। पुलिस को तभी से उसकी तलाश थी।

कुछ ऐसा है शार्प शूटर कप्तान का आपराधिक रिकार्ड

1. वर्ष 1994 में कप्तान ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली में लाटरी के टिकटों को लूटा था। यह मामला आदर्श नगर थाने में दर्ज हुआ था। इसमें वह बरी हो चुका है।

2. वर्ष 1998 में आरोपित ने सदर गोहाना इलाके से गाड़ी चोरी की थी। हालांकि इस मामले में भी वह बरी हो चुका है।

3. वर्ष 1998 में दिल्ली के आदर्श नगर में गाड़ी चोरी हुई थी। इसमें भी आरोपित कप्तान का नाम आया है, जिसमें वह बरी हो चुका है।

4. वर्ष 2000 में नरेला में प्रिङ्क्षटग प्रेस वाले को जान से मारने की नीयत से फायर किया गया था। इसमें भी कप्तान बरी हो चुका है।

5. वर्ष 2000 में बुढ़पुर नहर के पास 80 हजार रुपये की लूट हुई थी। यह मामला अलीपुर थाने में दर्ज हुआ था, जिसमें कप्तान बरी हो चुका है।

6. वर्ष 2000 में बहादुरगढ़ से 10 लाख रुपये की लूट के मामले में भी आरोपित बरी हो चुका है।

7. वर्ष 2009 में कप्तान ने साथियों के साथ मिलकर जसौरखड़ी निवासी हरिओम की हत्या की थी। इस मामले में उसे उम्रकैद की सजा हुई है।

8. वर्ष 2009 में हरिओम जसौरखेड़ी के भांजे की हत्या की थी। इसमें भी उसे उम्रकैद हो चुकी है।

नोट : इसके अलावा भी आरोपित ने कई अन्य वारदातों को अंजाम दिया है।

आरोपित विनोद का आपराधिक रिकार्ड

1. आरोपित विनोद ने फरवरी 2013 में साथियों के साथ मिलकर कुंडली में ट्रैक्टर एजेंसी में लूट गई थी। इसमें वह बरी हो गया है।

2. वर्ष 2013 में विनोद और उसके साथियों के साथ बड़ी गन्नौर में पुलिस मुठभेड़ हुई थी। यह मामला गन्नौर थाने में दर्ज हुआ था।

3. अगस्त 2016 में आरोपित ने साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति की हत्या की थी, जिसका मामला बड़ौत थाने में दर्ज है। इसमें वह जमानत पर है।

4. वर्ष 2017 में साथियों के साथ मिलकर आरोपित ने जमीन को लेकर झगड़ा किया था। यह मामला पानीपत के मतलौढ़ा थाने में दर्ज है।

5. वर्ष 2018 में विनोद ने साथियों के साथ मिलकर बहालगढ़ में ट्रक यूनियन पर झगड़ा किया था। यह मामला सोनीपत के सदर थाने में दर्ज है।

chat bot
आपका साथी