अंतरराष्‍ट्रीय ओलंपिक दिवस : भिवानी में साइकिल यात्रा निकालने के साथ 500 पौधे किए रोपित

साइकिल चेतना रैली निकाली और जिला भर के राजीव गांधी खेल परिसर और भीम स्टेडियम में 500 पौधे लगाए। जिला के 10 खेल परिसरों में 40-40 और भीम स्टेडियम भिवानी में 100 पौधे लगाए गए। इन पौधों में मुख्य रूप से जामुन आम अमरूद और आडू रहे।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 03:17 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 03:17 PM (IST)
अंतरराष्‍ट्रीय ओलंपिक दिवस : भिवानी में साइकिल यात्रा निकालने के साथ 500 पौधे किए रोपित
भिवानी में साइकिल चेतना रैली को उपायुक्त ने हरी झंडी दिखा किया रवाना

भिवानी, जेएनएन। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर शहर से होकर साइकिल चेतना रैली निकाली और जिला भर के राजीव गांधी खेल परिसर और भीम स्टेडियम में 500 पौधे लगाए। जिला के 10 खेल परिसरों में 40-40 और भीम स्टेडियम भिवानी में 100 पौधे लगाए गए। इन पौधों में मुख्य रूप से जामुन, आम, अमरूद और आडू रहे। ओलंपियन मुक्केबाज विकासकृष्ण यादव के पिता कृष्ण यादव ने भी इस मौके पर पौधा रोपण किया।

यहां पर ओलंपियन खिलाड़ियों के माता पिता को बुलाया गया था। पूजा बोहरा और मनीष कौशिक के माता पिता बाहर होने होने के चलते यहां नहीं आ सके। उपायुक्त जयवीर सिंह आर्य ने ओलंपिक दिवस पर स्टेडियम में पौधा रोपण किया और साइकिल चेतना रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। साइकिल चेतना रैली भीम स्टेडियम से शुूर होकर शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी।

उपायुक्त आर्य ने कहा कि इंसान का पहला सुख निरोगी काया है। हमें प्रतिदिन एक घंटा व्यायाम जरूर करना चाहिए। इससे हम स्वस्थ रहते हैं। इसका सीधा असर हमारे मन-मस्तिष्क पर पड़ता है। खेलों की दुनिया में जिला भिवानी की अपनी अलग पहचान है। यहां के खिलाडिय़ों ने विश्व में भिवानी, हरियाणा व देश का नाम रोशन किया है। चाहे ओलंपिक की बात हो या फिर एशियन और वल्र्ड चैंपियनशिप खेल प्रतियोगिता की बात हो, यहां के युवा हर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हैं।

खिलाडिय़ों को किसी भी प्रकार के नशे आदि से दूर रहना चाहिए। आर्य ने इस दौरान जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय प्रांगण में पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा पर्यावरण का संरक्षण करना हमारी जिम्मेदारी बनती है। आक्सीजन पेड़ों से मिलती है, जो जीवन का आधार है। उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट खिलाडिय़ों को हौसला बढ़ाया।

कार्यक्रम को खेल विभाग के पूर्व उप निदेशक छाजूराम गोयत ने भी संबोधित किया। उन्होंने उपायुक्त आर्य से भीम खेल परिसर में समुचित सुविधाएं मुहैया करवाने की मांग की ताकि खिलाडिय़ों को अभ्यास करने में किसी प्रकार की दिक्तत न आए। इस अवसर पर ओलंपिक पदक विजेता विकास कृष्णन के पिता कृष्ण कुमार यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में भारतीय कबड्डी टीम के कोच अर्जुन अवार्डी असन कुमार, कोच वेद लांबा, साईक्लिंग कोच रणबीर सिंह, गोपाल कृष्ण, विष्णु भगवान, विद्यानंद, हरिस्वरूप, मनीष शर्मा, नीरज शर्मा, सुरेश कुमार, दीपक हुड्डा, राजेश, संदीप सिंही, अनिल कुमार, रोबिन सिंह, महेंद्रा, पूनम बामल व सुमन सहित अनेक खिलाड़ी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी