Tokyo Olympics: आज टोक्यो अभियान का आगाज करेगी भारतीय महिला हॉकी टीम, हिसार से है इन तीन बेटियों का नाता

हिसार से उदिता सविता पूनिया और शर्मिला देवी भारतीय महिला हॉकी टीम में हैं। खिलाड़ियों के परिवारों से लेकर कोच और उनके गांव वालों को भी मैच शुरू होने का इंतजार है। सविता पूनिया भारतीय महिला हॉकी टीम की उपकप्तान हैं।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 08:59 AM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 08:59 AM (IST)
Tokyo Olympics: आज टोक्यो अभियान का आगाज करेगी भारतीय महिला हॉकी टीम, हिसार से है इन तीन बेटियों का नाता
हिसार की हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया, शर्मिला देवी और उदिता।

जागरण संवाददाता, हिसार। बेटियों ने ओलिंपिक टिकट हासिल कर हिसार का मान बढ़ाया। अब शनिवार को टोक्यो ओलिंपिक में हिसार की खिलाड़ी उदिता, सविता और शर्मिला तीनों अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। भारतीय महिला हॉकी टीम का शनिवार को ओलिंपिक में पहला मुकाबला होगा। भारतीय टीम का मुकाबला नीदरलैंड की टीम से होगा। मैच को लेकर खिलाड़ियों के परिवारों से लेकर खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह है। वे भी मैच का प्रसारण देखने के लिए उत्साहित हैं। उधर मैच देखने के लिए खिलाड़ियों के परिजनों ने भी अपने स्तर पर तैयारी कर रखी है।

कोच से लेकर परिवार तक मैच शुरू होने के इंतजार में 

कोच आजाद सिंह मलिक से लेकर हॉकी खिलाड़ी उदिता और शर्मिला के परिजनों ने कहा कि उनके लिए बहुत बड़े स्तर पर यह खुशी की बात है कि उनकी बेटियां ओलिंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए मैदान में अपनी स्टिक का जादू दिखाएंगी। उन्होंने कहा कि बेटियों ने इस दिन के लिए कई सालों तक कड़ी मेहनत की है। उनके लिए यह एक सपना सच होने जैसा है। हमें उम्मीद है कि वे मैदान में बेहतर प्रदर्शन करेगी। कोच आजाद सिंह मलिक ने कहा कि मेरा बेटियों को यहीं कहना है कि वे खेल में दबाव न ले बल्कि अपना बेस्ट दें।

ओलिंपिक में गई इन तीन बेटियों का हिसार से यह है संबंध

सविता पूनिया : भारतीय टीम की उपकप्तान व गोलकीपर सविता पूनिया ने कई साल तक हिसार के साई में खेल अभ्यास किया और यहीं से खेल की बारीकियां सीखकर भारतीय टीम का हिस्सा बनी।

उदिता : फॉरवर्ड प्लेयर और खेल विभाग में सीनियर हॉकी कोच उदिता हिसार के पुलिस लाइन की निवासी है। पिता की मौत के बाद उनका सपना साकार करने के लिए कड़ी मेहनत की। हिसार में ही खेल अभ्यास कर बेहतर प्रदर्शन किया और भारतीय टीम का हिस्सा बनीं।

शर्मिला देवी : भारतीय टीम में फॉरवर्ड प्लेयर है। हिसार के गांव कैमरी की निवासी है। हिसार से तो नहीं खेली बल्कि चंडीगढ़ व प्रदेश के दूसरे जिलों से लेकर दूसरे राज्य की टीम में खेली और बेहतरीन प्रदर्शन कर भारतीय टीम में जगह बनाई।

तीनों खिलाड़ियों के बारे में जानें

सविता पूनिया : भारतीय महिला हॉकी टीम की उपकप्तान

- गोलकीपर। रियो ओलंपिक में भी भारतीय टीम का कर चुकी प्रतिनिधित्व।

- जन्म तिथि : 11 जुलाई 1990

- हाइट - 170 सेंटीमिटर

- खेल में सर्वश्रेष्ठ पल : अर्जुन अवार्डी, साल 2017 एशिया कप बेस्ट गोलकीपर, साल 2018 एशियन गेम्स सिल्वर मेडलिस्ट

उदिता : फॉरवर्ड प्लेयर और सीनियर हॉकी कोच खेल विभाग हरियाणा

- जन्म - 14 जनवरी 1998

- हाइट- 161 सेंटीमीटर

- खेल का सर्वश्रेष्ठ पल- एशियन कप में प्रथम गोल किया।

शर्मिला देवी : फॉरवर्ड प्लेयर

- जन्म तिथि : 10 अक्टूबर 2001

- खेल में सर्वश्रेष्ठ पल : टेस्ट सीरिज फ्रांस के साथ हुआ मैच।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी